मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर महाजाम, गाड़ियां गर्म होकर पड़ रही हैं बंद, डिप्टी सीएम शिंदे ने दिया टोल-फ्री का आदेश

Mumbai-Pune Expressway Traffic: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर गाड़ियां गर्म होकर बंद पड़ने से स्थिति गंभीर। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ट्रैफिक कम करने के लिए टोल-फ्री का दिया आदेश। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
Massive Traffic Jam on Mumbai-Pune Expressway: Vehicles Overheating and Breaking Down; Deputy CM Shinde Orders Toll Waiver
एकनाथ शिंदे (सोर्स: डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

Eknath Shinde Toll Free Order: अगर आप इस वीकेंड या छुट्टियों के मजे लेने के लिए मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे या मुंबई-गोआ हाईवे पर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। सप्ताहांत और लगातार तीन दिनों के लॉन्ग वीकेंड के चलते महाराष्ट्र की मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। आलम यह है कि घंटों से रेंगते ट्रैफिक के कारण गाड़ियां गर्म (Overheat) होकर बीच सड़क पर ही दम तोड़ रही हैं, जिससे जाम की स्थिति और भी भयावह हो गई है।

जब एक्सप्रेसवे बना पार्किंग लॉट

शुक्रवार सुबह से ही मुंबई से पुणे की ओर जाने वाली लेन पर वाहनों का ऐसा सैलाब उमड़ा कि दोपहर होते-होते एक्सप्रेसवे एक विशाल पार्किंग लॉट में तब्दील हो गया। विशेष रूप से लोनावला और खंडाला की ओर जाने वाले पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण अमृतंजन ब्रिज और खालापुर टोल के पास यातायात की गति शून्य हो गई है। इस जाम की सबसे बड़ी समस्या यह बनकर उभरी है कि रेंगते ट्रैफिक और भीषण गर्मी के कारण एक के बाद एक गाड़ियां गर्म होकर बंद पड़ रही हैं। बीच सड़क पर बंद होती इन गाड़ियों ने बॉटलनेक बना दिया है, जिससे पीछे आने वाले वाहनों की लाइनें कई किलोमीटर लंबी हो गई हैं।

सांसद सुप्रिया सुले भी फंसीं, लोगों से किया संवाद

इस महाजाम का शिकार आम जनता के साथ-साथ खास लोग भी हुए। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले भी अपनी कार के साथ घंटों इस जाम में फंसी नजर आईं। सुले ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने दिखाया कि कैसे सुबह 7 बजे से निकले हुए यात्री दोपहर तक अपनी मंजिल से कोसों दूर हैं। जाम के दौरान उन्होंने अपनी कार से उतरकर आसपास के परेशान यात्रियों से बात की और उनकी समस्याएं सुनीं।

सीएम एकनाथ शिंदे का बड़ा फैसला

बिगड़ती स्थिति और जनता के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हस्तक्षेप किया है। सूत्रों के अनुसार, एकनाथ शिंदे ने तत्काल प्रभाव से प्रभावित रास्तों को टोल फ्री करने का आदेश दिया है ताकि टोल नाकों पर लगने वाली कतारों को खत्म कर ट्रैफिक को गति दी जा सके (Eknath Shinde Toll Free Order)। हालांकि, नागरिकों के बीच अब यह चर्चा का विषय है कि वे टोल फ्री की राहत पर खुश हों या घंटों तक जाम में फंसे रहने की मजबूरी पर दुख जताएं।

मुंबई-गोआ हाईवे का भी बुरा हाल

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के साथ-साथ मुंबई-गोआ हाईवे (रायगढ़ बेल्ट) पर भी सुबह से ही भारी ट्रैफिक जाम की खबरें हैं। यहाँ भी गाड़ियां रेंग-रेंग कर चल रही हैं। कोंकण की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।

प्रशासन और पुलिस के प्रयास

राजमार्ग पुलिस ने ट्रैफिक को संतुलित करने के लिए खोपोली और अमृतंजन ब्रिज के पास समय-समय पर अवरोध (Block) लगाने की नीति अपनाई है। इसका उद्देश्य पुणे जाने वाली लेन पर वाहनों के गुच्छों को बारी-बारी से निकालना है। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यदि बहुत जरूरी न हो, तो एक्सप्रेसवे का उपयोग टालें, अपनी गाड़ियों के कूलेंट और इंजन की जांच कर लें, धैर्य बनाए रखें और लेन कटिंग न करें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com