मिसिंग लिंक टनल में रात 1:30 बजे भीषण हादसा, चकनाचूर फॉर्च्यूनर देखकर उड़े होश! कारोबारी तुषार भूमकर की मौत

Missing Link Tunnel Accident: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर मिसिंग लिंक टनल में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने टेम्पो को टक्कर मार दी। हादसे में कारोबारी तुषार भूमकर की मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर है।
Mumbai-Pune Expressway Missing Link Tunnel Accident Tushar Bhumkar Death
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर मिसिंग लिंक टनल में हुए हादसे के दृश्य(सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Missing Link Tunnel Accident Tushar Bhumkar Death: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर बने नए मिसिंग लिंक टनल में गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। पुणे से मुंबई की ओर जा रही एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने आगे चल रहे मालवाहक टेम्पो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गए। इस हादसे में पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ स्थित वाकड़ के प्रमुख कारोबारी तुषार भूमकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। गाड़ी में सवार तीन अन्य लोग बाल-बाल बच गए।

मिसिंग लिंक के टनल के CCTV में कैद हुई घटना

मिली जानकारी के अनुसार, कारोबारी तुषार भूमकर अपने चार साथियों के साथ पुणे से मुंबई जा रहे थे। मिसिंग लिंक टनल में दाखिल होते ही उनकी कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे टेम्पो से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि फॉर्च्यूनर कार और टेम्पो दोनों पलट गए। हादसे के बाद वहां मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।

मिसिंग लिंक टनल में लगे हुए CCTV कैमरों में इस भीषण हादसे का खौफनाक मंजर कैद हो गया। वीडियो देखकर यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि तुषार भूमकर की फॉर्च्यूनर कार की रफ्तार कितनी तेज थी। कार में सवार सभी पांचों लोग वाकड़ के भुमकर चौक इलाके के रहने वाले हैं।

2 घंटे तक बाधित रहा ट्रैफिक

हादसे के बाद मुंबई की ओर जाने वाली लेन पूरी तरह से बंद हो गई। करीब 2 घंटे तक यातायात प्रभावित रहा, जिसके बाद हाईवे पुलिस ने वाहनों को मिसिंग लिंक से हटाकर पुराने रास्ते से मुंबई की ओर डायवर्ट किया।

Mumbai-Pune Expressway Missing Link Tunnel Accident Tushar Bhumkar Death
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर मिसिंग लिंक टनल में हुए हादसे में चकनाचुर हुई फॉर्च्यूनर कार व कारोबारी तुषार भूमकर(सोर्स: सोशल मीडिया)

हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस, आईआरबी (IRB) की टीम, 'देवदूत' क्विक रिस्पॉन्स टीम और स्थानीय राहत एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घायलों को तुरंत कार से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हाईवे से हटाए जाने के बाद यातायात सामान्य हो सका।

Mumbai-Pune Expressway Missing Link Tunnel Accident Tushar Bhumkar Death
नासिक TCS धर्मांतरण मामला में बड़ी कार्रवाई, आरोपी निदा खान को पनाह देने वाले AIMIM पार्षद मतीन पटेल गिरफ्तार

तुषार भूमकर के जन्मदिन से पहले पसरा मातम

बता दें कि मृतक तुषार भूमकर का 28 अगस्त को जन्मदिन था, जिसकी तैयारियों में उनका परिवार और दोस्त जुटे हुए थे। उनके असमय निधन की खबर मिलते ही वाकड़ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सामाजिक और राजनीतिक गलियारों में भी गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है। गौरतलब है कि तुषार भूमकर की पत्नी ने कांग्रेस पार्टी के टिकट पर महानगरपालिका का चुनाव भी लड़ा था।

Navbharat Live
navbharatlive.com