

Pune Road Accident CCTV Video: महाराष्ट्र के पुणे शहर में सड़कों की जर्जर हालत और जगह-जगह बने जानलेवा गड्ढों ने एक बार फिर एक मासूम की जिंदगी छीन ली। बालेवाडी-म्हालुंगे इलाके में सोमवार शाम करीब 7 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। म्हालुंगे स्थित ग्रीन कोट सोसाइटी के सामने, दुर्गा कैफे के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे की वजह से हुई दुर्घटना में 11 वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। इस पूरी घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो पास में लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, 11 साल का यह मासूम अपने पिता और बहन के साथ बाइक पर सवार होकर प्राइवेट कोचिंग क्लास जा रहा था। जब उनकी बाइक म्हालुंगे के दुर्गा कैफे के पास पहुंची, तो सड़क पर अचानक आए एक बड़े गड्ढे के कारण पिता का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क पर घिसटती हुई गिर गई।
दुर्भाग्य से, बाइक से नीचे गिरते ही मासूम सीधे पीछे से आ रहे एक आयशर ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गया। ट्रक का भारी पहिया बच्चे के ऊपर से निकल गया। ट्रक से कूचलते ही पिता की आंखों के सामने 11 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े और एंबुलेंस व पुणे पुलिस को घटना की जानकारी दी। इस भयावह हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
हादसे में 11 वर्षीय बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इस घटना ने म्हालुंगे और बालेवाडी क्षेत्र के निवासियों को गहरे शोक और आक्रोश में डुबो दिया है।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और जर्जर सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों का गंभीर मुद्दा एक बार फिर से गरमा गया है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पुणे नगर निगम और संबंधित प्रशासन को बार-बार जर्जर सड़कों और खड्डों के बारे में सूचित किया गया था, लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के कारण कोई मरम्मत कार्य नहीं किया गया।