पुणे मेट्रो में बिजली ठप, प्लेटफॉर्म पर रोकी गईं 8 ट्रेनें, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Pune Metro Line 1 Power Outage: पुणे मेट्रो लाइन-1 पर बाहरी गड़बड़ी से 25 KV बिजली सप्लाई ठप। 8 ट्रेनें प्लेटफॉर्म पर रोकी गईं, वनाज सबस्टेशन से पावर देकर शुरू की गई सेवा।
Pune Metro Line 1 Power Outage
पुणे मेट्रो स्टेशन का प्लेटफॉर्म(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

MahaMetro Vanaz Substation OHE Supply: पुणे मेट्रो की लाइन-1 पर रविवार दोपहर अचानक एक बड़ा तकनीकी व्यवधान देखने को मिला। दोपहर करीब 12:25 बजे बाहरी कारणों से मुख्य ट्रैक्शन बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिसके परिणामस्वरूप पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका (PCMC) और रेंज हिल्स (RHL) स्थित रिसीविंग सबस्टेशन (RSS) से होने वाली पावर सप्लाई अचानक बंद हो गई। इसके चलते ट्रेनों के परिचालन के लिए आवश्यक 25 KV ओएचई (OHE) और स्टेशनों की प्रकाश व्यवस्था व लिफ्ट-एस्केलेटर के लिए जरूरी 33 KV की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्लेटफॉर्म पर ही रोकी गईं 8 ट्रेनें

पावर फेलियर होते ही महामेट्रो प्रशासन ने सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए इस मार्ग पर चल रही 8 मेट्रो ट्रेनों को नजदीकी प्लेटफॉर्म पर ही सुरक्षित रोक दिया। यात्रियों में अफरा-तफरी न फैले, इसके लिए ट्रेनों और सभी स्टेशनों पर लगातार स्थिति और देरी से जुड़ी घोषणाएं की जाती रहीं। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने तुरंत हरकत में आते ही वैकल्पिक स्रोतों से बिजली बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए।

Pune Metro Line 1 Power Outage
थप्पड़ मारने वाले को चांदी का कड़ा देकर सम्मानित करूंगा.. विद्यानंद बापट पर भड़के कीर्तनकार संग्रामबापू भंडारे

वैकल्पिक सप्लाई से दोपहर 12:47 बजे शुरू हुई मेट्रो

वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दोपहर 12:47 बजे वनाज (VNZ) सबस्टेशन से लाइन-1 के लिए 25 KV ओएचई बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद प्लेटफॉर्म पर रोकी गई सभी आठों ट्रेनों को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। वहीं, दोपहर 1:06 बजे वनाज से 33 KV की सप्लाई मिलने के बाद स्टेशनों के एस्केलेटर, लाइट और टिकट सिस्टम सामान्य हो गए।

दोपहर 1:50 बजे रेंज हिल्स सबस्टेशन की मुख्य आपूर्ति बहाल

महावितरण (MSEDCL) की ओर से प्रयास जारी रहने के बाद दोपहर 1:50 बजे रेंज हिल्स सबस्टेशन की मुख्य बिजली आपूर्ति भी पूरी तरह बहाल कर ली गई। इसके साथ ही लाइन-1 पर मेट्रो का परिचालन शत-प्रतिशत सामान्य हो गया। अचानक आई इस तकनीकी बाधा के कारण यात्रियों को हुई असुविधा के लिए पुणे मेट्रो प्रशासन ने खेद व्यक्त किया है और स्पष्ट किया है कि फिलहाल सभी सेवाएं पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू रूप से चल रही हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com