ठाणे में गणेश प्रतिमा विक्रेताओं को राहत देने की मांग, MBMC में किराया माफी या एकमुश्त शुल्क का प्रस्ताव

MBMC ganesh Idol Vendors Rent: मीरा-भाईंदर में गणेश प्रतिमा विक्रेताओं को राहत देने की मांग उठी है। भाजपा पार्षद आनंद मांजरेकर ने MBMC से किराया माफी या एकमुश्त शुल्क लागू करने का प्रस्ताव दिया है।
MBMC ganesh Idol Vendors Rent Waiver Demand In Mira Bhayandar
भगवान गणेश की मुर्ती (सोर्स: AI)
Published on
Updated on

MBMC ganesh Idol Vendors Rent Waiver Demand: ठाणे जिले के मीरा- भाईंदर गणेशोत्सव के दौरान अस्थायी मंडप लगाकर गणेश प्रतिमाएं बेचने वाले मूर्तिकारों और विक्रेताओं को आर्थिक राहत देने की मांग उठी है। भाजपा पार्षद आनंद मांजरेकर ने मनपा आयुक्त राधाबिनोद ए. शर्मा को पत्र देकर मांग की है कि मनपा द्वारा प्रति वर्ग फुट के हिसाब से वसूला जाने वाला किराया समाप्त कर उसकी जगह एक निश्चित शुल्क लागू किया जाए या फिर ऐसी दुकानों को पूरी तरह किराया मुक्त किया जाए।

मूर्तिकारों को राहत देने की मांग

भाजपा पार्षद आनंद मांजरेकर ने कहा कि मीरा-भाईंदर शहर में हर वर्ष गणेशोत्सव बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस दौरान सैकड़ों छोटे-बड़े मूर्तिकार और विक्रेता गणेश प्रतिमाओं की बिक्री के लिए सार्वजनिक स्थानों, सड़कों के किनारे तथा निजी भूखंडों पर अस्थायी मंडप स्थापित करते हैं। वर्तमान नियमों के अनुसार उन्हें मनपा से लाइसेंस लेना पड़ता है और मंडपों के लिए प्रति वर्ग फुट के हिसाब से दैनिक शुल्क भी जमा करना होता है।

मांजरेकर ने बताया कि अधिकांश मूर्तिकार पारंपरिक कारीगर हैं, जिनकी आजीविका पूरी तरह गणेश प्रतिमाओं के निर्माण और बिक्री पर निर्भर है। पिछले कुछ वर्षों में पीओपी प्रतिमाओं पर प्रतिबंध, कच्चे माल की बढ़ती कीमतों और कोविड-19 के बाद आई आर्थिक मंदी के कारण उनका व्यवसाय प्रभावित हुआ है। ऐसे में लाइसेंस शुल्क, जमीन का किराया और सुरक्षा जमा राशि का अतिरिक्त आर्थिक बोझ उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। उन्होंने इन शुल्कों में राहत देने की मांग की है।

पारंपरिक मूर्तिकारों को प्रोत्साहन देने की मांग

भाजपा पार्षद आनंद मांजरेकर ने कहा कि गणेश प्रतिमा निर्माण केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की संस्कृति, परंपरा और धार्मिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। गणेशोत्सव के दौरान हजारों परिवारों की श्रद्धा का केंद्र बनने वाली प्रतिमाओं को तैयार करने वाले पारंपरिक मूर्तिकार समाज की सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का काम करते हैं। ऐसे में उन्हें आर्थिक रूप से प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।

मांजरेकर का कहना है कि वर्तमान में ठाणे मनपा द्वारा प्रतिमा विक्रेताओं से प्रति वर्ग फुट के हिसाब से किराया वसूला जाता है, जिससे छोटे और मध्यम स्तर के मूर्तिकारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। उन्होंने मांग की कि इस व्यवस्था में बदलाव करते हुए प्रति वर्ग फुट किराया लेने के बजाय एकमुश्त शुल्क निर्धारित किया जाए। साथ ही पारंपरिक मूर्तिकारों और गणेश प्रतिमा विक्रेताओं को पूरी तरह किराया मुक्त करने की संभावना पर भी विचार किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com