Pune: प्रतिबंध के बावजूद मावल में लेडीज डांस बार फिर शुरू, मावल बनता जा रहा नया ‘पनवेल’

Pune News: मावल तालुका में प्रतिबंध के बावजूद लेडीज डांस बार फिर एक बार सक्रिय हो गए हैं। एक स्टिंग ऑपरेशन में महिला डांसरों के द्वारा अश्लील नृत्य और लाखों की नकदी उड़ती दिखायी दी है।
Dance Bar
डांस बार (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Pimpri News In Hindi: राज्य में डांस बार पर प्रतिबंध होने के बावजूद पुणे और मुंबई की सीमा से लगे मावल तालुका में एक बार फिर लेडीज डांस बार का धंधा खुलेआम शुरू हो गया है। डांस फ्लोर पर 30-35 डांसर (युवतियां), नोटों की बारिश। इस प्रकार का पूरा दृश्य एक स्टिंग ऑपरेशन में उजागर हुआ है।

विशेष बात यह है कि विभागीय पुलिस अधिकारी सत्यसाई कार्तिक के तबादले के बाद मावल क्षेत्र में बंद पड़े अवैध धंधे फिर से जोरों पर शुरू हो गए हैं। पुणे-मुंबई पुराने हाईवे पर कान्हे फाटा से कामशेत के बीच मुख्य सड़क के किनारे तीन डांस बार खुलेआम चल रहे हैं।

जहां प्रतिदिन लाखों रुपये उड़ाए जा रहे हैं। ग्रामीण पुलिस द्वारा जानबूझकर अनदेखी किए जाने का आरोप भी सामने आ रहा है। मध्यरात्रि तक चलने वाले इन बारों को आखिर किसका संरक्षण प्राप्त है? यह बड़ा सवाल उठ रहा है। स्थानीय पुलिस को इसकी "कोई जानकारी नहीं" होना और भी ज्यादा आश्चर्यजनक है।

स्टिंग ऑपरेशन में अश्लील नृत्य और लड़कियों पर ग्राहकों द्वारा उड़ाई जाने वाली लाखों की नकदी साफ दिखाई देती है। ऑर्केस्ट्रा बार के नाम पर चल रहे इन बारों में शराब बिक्री के साथ युवतियों का अश्लील डांस किया जा रहा है।

बार में नृत्य करने वाली लड़कियों की संख्या लगभग 25-35 है और वे ग्राहकों के सामने बेहद कम कपड़ों में प्रदर्शन करती दिखती हैं। पुणे-मुंबई पुराने हाईवे किनारे चल रहे इन खुलेआम डांस बारों में आधी रात तक चलने वाले इन ठिकानों पर शहर व आसपास के कुछ अपराधी भी आते हैं, इसकी चर्चा स्थानीय स्तर पर बढ़ रही है। इससे भविष्य में बड़े अपराध या घटनाओं की आशंका जताई जा रही है। ये डांस बार अब नए पनवेल की तरह बदनाम होते जा रहे हैं।

विस में कानून-व्यवस्था मजबूत होने का दावा

  • पुणे जिले, पिंपरी-चिंचवड़ और पुणे शहर के युवा यहां शामिल हो रहे हैं, जिससे क्षेत्र में अपराध बढ़ने का खतरा और गहरा हो गया है। अश्लील नृत्य, भारी मात्रा में शराब सेवन और आधी रात के बाद भी चलने वाली मौज मस्ती के कारण हाईवे पर दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ गया है। नागपुर में विधानसभा का शीतकालीन अधिवेशन चल रहा है। राज्य के गृह मंत्री तथा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सभागृह में कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत है और गलत काम करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
  • मावल की वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल विपरीत दिखाई दे रही है। मुख्य हाईवे के किनारे इतने खुलेआम चल रहे बारों पर ग्रामीण पुलिस का ध्यान न होना स्थानीय नागरिकों के लिए आश्चर्य का विषय है। कुछ महीनों पहले मावल के NCP विधायक सुनील शेलके ने वीडियो जारी कर कहा था कि क्षेत्र में कोई भी अवैध धंधा सहन नहीं किया जाएगा। लेकिन वास्तविकता यह है कि मावल और लोणावला क्षेत्र में डांस बार, मटका, अवैध रिसॉर्ट पार्टियां और कई तरह के अवैध उद्योग खुलेआम चल रहे हैं।

सत्यसाई कार्तिक के ट्रांसफर के बाद अवैध धंधे फिर शुरू

IPS अधिकारी सत्यसाई कार्तिक ने लोणावला में पदभार संभालने के बाद लोणावला, कार्ला, पवनानगर, वड़गांव मावल, कामशेत क्षेत्र में चल रहे कई अवैध धंधों पर कार्रवाई की थी। वड़गांव में दो डांस बार, वेश्यावृत्ति, बिना लाइसेंस शराब बिक्री, तथा फार्महाउस पार्टियों पर भी अंकुश लगाया गया था। लेकिन उनके तबादले के बाद ये सभी अवैध धंधे फिर से धड़ल्ले से शुरू हो गए है।

आज मावल में खुलेआम सब कुछ उपलब्ध है। इसलिए सवाल उठ रहा है कि क्या पुलिस अधीक्षक या विभागीय अधिकारी अब कार्रवाई करेंगे? कामशेत व वडगांव में चल रहे डांस बार और स्टिंग ऑपरेशन के वीडियो के बारे में जब संबंधित पुलिस अधिकारियों से पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com