हिंजवडी आईटी पार्क और एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी होगी आसान, मामुर्डी पुल निर्माण कार्य तेज

Mamurdi Sangawade Bridge Construction News: मामुर्डी और सांगवडे को जोड़ने वाले नदी पुल का 50 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इस परियोजना से हिंजवडी और एक्सप्रेस-वे तक यातायात सुगम होगा।
Mamurdi Sangawade Bridge Construction
मामुर्डी संगवाडे ब्रिज प्रोजेक्ट (सौ. सोशल मीडिया )
Updated on

Mamurdi Sangawade Bridge Construction PCMC: पिंपरी-चिंचवड महानगर पालिका क्षेत्र के मामुर्डी और सांगवडे को जोड़ने वाले नदी पुल का निर्माण कार्य इन दिनों काफी गति पकड़ चुका है। स्थानीय प्रशासन की सक्रियता के चलते इस महत्वपूर्ण परियोजना का अब तक कुल 50 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है।

इस पुल का निर्माण मुख्य रूप से हिंजवडी स्थित राजीव गांधी आईटी पार्क और पुणे-मुंबई एक्सप्रेस-वे तक वैकल्पिक यातायात सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

36 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना को जनवरी 2025 में मंजूरी मिलने के बाद फरवरी में इसका भूमिपूजन संपन्न हुआ था। पिछले 14 महीनों की निरंतर मेहनत का सुखद परिणाम है कि नदी के भीतर पिलर का काम सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है और वर्तमान में स्लैब डालने की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है।

तीन अलग-अलग संपर्क मार्गों का निर्माण

इस पुल की कुल लंबाई 146 मीटर और चौड़ाई 12 मीटर निर्धारित की गई है। परियोजना की व्यापकता को देखते हुए इसके साथ तीन अलग-अलग संपर्क मार्गों का निर्माण भी किया जा रहा है, जो एक्सप्रेस-वे, विद्याविहार महाविद्यालय और सांगवडे की ओर जाने वाले रास्तों को जोड़ेंगे। निर्माण कार्य की चुनौतियों को देखते हुए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बारिश के मौसम में भी काम की गति धीमी नहीं होने दी जाएगी, ताकि अगले वर्ष तक इसे जनता के लिए खोला जा सके, यह पुल न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि मामुडर्डी, रावेत और पुनावले व विकसित हो रहे क्षेत्रों के नागरिकों के लिए वरदान साबित होगा।

महत्वपूर्ण परियोजना का संक्षिप्त विवरण

इस परियोजना का टेंडर 4 सितंबर 2024 को जारी किया गया था, जिसे 21 जनवरी 2025 को स्थायी समिति की मंजूरी मिली। 6 फरवरी 2025 को वर्क ऑर्डर मिलने के साथ ही इसका भूमिपूजन संपन्न हुआ। 36 करोड़ 25 लाख 5 हजार 266 रुपये की कुल लागत वाली इस परियोजना की अवधि 30 महीने निर्धारित है, जिसे 4 अगस्त 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है, फिलहाल इसका आधा कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है।

पुणे-मुंबई एक्सप्रेस वे पर ट्रैफिक जाम की समस्या होगी दूर

  • इस परियोजना को पिपरी-चिंचवड मनपा और पीएमआरडीए की संयुक्त भागीदारी से संचालित किया जा रहा है। चूंकि सांगवडे क्षेत्र पीएमआरडीए के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए कुल खर्च का आधा हिस्सा उनके द्वारा वहन किया जाना है। यद्यपि निधि आवंटन को लेकर कुछ प्रशासनिक प्रक्रियाएं अभी प्रक्रियाधीन हैं, तथापि विकास कार्य की निरंतरता पर इसका कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ने दिया गया है।
  • मुख्य अभियंता प्रमोद ओभासे का मानना है कि पुल के शुरू होने से पुणे-मुंबई एक्सप्रेस-वे और गहुंजे क्रिकेट स्टेडियम के आसपास होने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। इससे विद्यार्थियों और कर्मचारियों के बहुमूल्य समय की बचत होगी। शहरीकरण की बढ़ती रफ्तार के बीच यह पुल भविष्य की परिवहन जरूरतों को पूरा करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।
Navbharat Live
navbharatlive.com