Pre Monsoon Rain Alert Pune: महाराष्ट्र में बदला मौसम का मिजाज, पुणे समेत कई जिलों में तेज बारिश और तूफान

Pre Monsoon Rain Alert Pune News: महाराष्ट्र में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। पुणे समेत पश्चिम महाराष्ट्र और कोकण के कई इलाकों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश ने लोगों को राहत दी है।
Maharashtra Pre Monsoon Rain Alert Pune
महाराष्ट्र में मॉनसून-पूर्व बारिश (सौ. सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Maharashtra Pre Monsoon Rain Alert Pune: महाराष्ट्र में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार दोपहर में मौसम ने अचानक करवट ली। पुणे सहित पश्चिम महाराष्ट्र में दोपहर के बाद बादल छा गए। तेज तूफान और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच बारिश होने लगी।

दोपहर करीब साढ़े 3 बजे शुरू हुई बारिश लगभग 2 घंटे तक जारी रही, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया और गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग का दावा है कि यह मॉनसूनी बारिश नहीं है लेकिन राज्य के कई हिस्सों में मानसून पूर्व गतिविधियां तेज हो गई हैं।

महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदल गया है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के पश्चिमी और दक्षिणी इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। खासकर पुणे, सातारा, कोल्हापुर, सोलापुर और कोकण क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

सातारा-कोल्हापुर में बारिश की संभावना

सातारा और कोल्हापुर में भी मौसम बिगड़ने की संभावना जताई गई है। किसानों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अरब सागर और दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने के कारण महाराष्ट्र में प्री-मॉनसून बारिश की स्थिति बन रही है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

कोकण क्षेत्र में अलर्ट

रत्नागिरी, रायगढ़ और सिंधुदुर्ग समेत कोकण के कई जिलों में भी तेज बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी दी है। समुद्री इलाकों में तेज हवाएं चल सकती है, जिससे लहरें ऊची उठने की आशंका है।

मराठवाड़ा में भी असर

मौसम विभाग ने मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। बीड, लातूर, नांदेड़ और धाराशिव में बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है, वहीं मध्य महाराष्ट्र के कई क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है। मौसम में यह बदलाव दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की सक्रियता का संकेत माना जा रहा है। केरल में मॉनसून की प्रगति के बाद महाराष्ट्र में भी जल्द मॉनसून प्रवेश कर सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com