

Ketan Agarwal Murder Case New Twist: महाराष्ट्र के सबसे चर्चित और सनसनीखेज केतन अग्रवाल हत्याकांड में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आ रहा है। मुख्य आरोपी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी की गिरफ्तारी के बाद अब लोनावला पुलिस की तफ्तीश एक नए कोण पर घूम गई है। पुलिस को अंदेशा है कि रीयल एस्टेट कारोबारी केतन को लोहगढ़ किले की 400 फुट गहरी खाई में धकेलने की इस खूनी साजिश में इन दोनों के अलावा भी कोई तीसरा शख्स पर्दे के पीछे से शामिल था।
अदालत से मिली पुलिस रिमांड के आखिरी दो दिन बचे हैं और पुलिस इस 'थर्ड मैन' मिस्ट्री को सुलझाने के लिए दोनों मुख्य आरोपियों को आमने-सामने बिठाकर कड़ी पूछताछ करने की तैयारी में है।
लोनावला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, जब आरोपियों को वडगांव मावल कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग की गई थी, तब डायरी में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया था कि इतनी बड़ी साजिश को बिना किसी बाहरी तकनीकी या भौतिक मदद के अंजाम देना मुमकिन नहीं लगता।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या किसी तीसरे व्यक्ति ने रेकी करने, लॉजिस्टिक्स जुटाने या वारदात के बाद सबूत मिटाने में सिया और चेतन की मदद की थी। हालांकि, पुलिस ने रणनीतिक कारणों से अभी तक उस संदिग्ध व्यक्ति के नाम या पहचान का खुलासा नहीं किया है।
इस हाई-प्रोफाइल केतन अग्रवाल मर्डर केस की तह तक जाने के लिए पुलिस अब तक दर्जनों लोगों को समन जारी कर उनके विस्तृत बयान दर्ज कर चुकी है। जांच टीम ने सिया के भाई साहिल गोयल, पिता प्रवीण गोयल और मां पूजा गोयल से कई घंटों तक पूछताछ कर यह जानने का प्रयास किया कि क्या परिवार को इस प्रेम त्रिकोण और चेतन के इरादों की भनक थी। इसके अलावा, केतन और सिया का रिश्ता तय कराने वाले मध्यस्थ मित्तल दंपति से भी दो दिनों तक लंबी पूछताछ की गई है।
यही नहीं, उस कैब ड्राइवर का भी बयान दर्ज किया गया है जो केतन और सिया को प्री-वेडिंग शूट के लिए बाली (इंडोनेशिया) रवाना होने के दौरान मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट छोड़कर आया था।
पुलिस की तकनीकी शाखा को आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच के दौरान कुछ बेहद महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। चैट और कॉल रिकॉर्ड्स से यह बात सामने आई है कि चेतन चौधरी दरअसल सिया से शादी तो करना चाहता था, लेकिन वह अपने करियर और आर्थिक स्थिति को स्थिर करने के लिए 2 से 3 साल का समय मांग रहा था। दूसरी तरफ, सिया के परिवार ने उसका रिश्ता अमीर कारोबारी केतन से तय कर दिया था।
चेतन को डर था कि अगर केतन और सिया की शादी हो गई, तो वह सिया को हमेशा के लिए खो देगा; इसी डर और सनक के चलते इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया गया। अब देखना होगा कि रिमांड के अंतिम दो दिनों में क्या किसी तीसरे आरोपी का नाम आधिकारिक रूप से सामने आता है।