टर्मिनल बनने के बाद बढ़ा ट्रैफिक दबाव, हडपसर स्टेशन क्षेत्र के कायाकल्प की तैयारी तेज

Hadaspar Railway Station तक पहुंचने वाली संकरी सड़कों और बढ़ती भीड़ से परेशान यात्रियों को राहत देने के लिए पुणे मनपा ने मार्ग चौड़ीकरण और अतिक्रमण हटाने की योजना शुरू की है।
Hadaspar Railway Station
हडसपर रेलवे स्टेशन (सौ. सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Hadapsar Railway Station Road Widening Project: पुणे के हडपसर रेलवे स्टेशन को नए टर्मिनल के रूप में विकसित किए जाने के बाद यहां से लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन बढ़ गया है। ट्रेनों की संख्या बढ़ने के साथ यात्रियों की आवाजाही भी तेजी से बढ़ी है, जिससे स्टेशन क्षेत्र पर यातायात का दबाव काफी बढ़ गया है।

स्टेशन तक पहुंचने वाले आंतरिक मार्ग फिलहाल केवल 6 से 9 मीटर चौड़े हैं, जो मौजूदा यातायात को संभालने में असमर्थ साबित हो रहे हैं। संकरी सड़कों और अतिक्रमण के कारण स्टेशन के बाहर अक्सर ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था का माहौल बना रहता है।

30 मीटर चौड़ी सड़क का निर्देश

स्थिति को देखते हुए पुणे महानगरपालिका आयुक्त नवल किशोर राम ने क्षेत्र का निरीक्षण कर प्रमुख मार्ग को 30 मीटर तक चौड़ा करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने, भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज करने और परियोजना में आने वाली बाधाओं को जल्द दूर करने के लिए कहा गया है। इस परियोजना के लिए टीडीआर भी उपलब्ध कराया गया है।

अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू

टीबीसी ताडीगुत्ता चौक से स्टेशन तक के मार्गों पर अवैध निर्माण, शेड और अस्थायी ढांचों को नोटिस जारी कर हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कुछ हिस्सों में भूमि का वास्तविक कब्जा अभी बाकी है, जिसके लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।

बाहरी बुनियादी ढांचा बना चुनौती

स्टेशन के बाहर बस स्टॉप होने के बावजूद जगह की कमी से पीएमपीएमएल बसों और यात्रियों को असुविधा होती है। वहीं, ऑटो चालकों की मनमानी और अधिक किराया वसूली की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं। रेलवे टर्मिनल के रूप में स्टेशन का विकास तो हुआ है, लेकिन बाहरी ढांचा मजबूत किए बिना यात्रियों को राहत मिलना मुश्किल है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com