

Pune Road Development News: पुणे ग्रैंड टूर के दूसरे चरण की तैयारियों के तहत जिले में सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर काम शुरू किया जाएगा। जिले की 11 तहसीलों में करीब 900 करोड़ रुपये की लागत से 662 किलोमीटर लंबी सड़कों का नए सिरे से कायाकल्प किया जाएगा।
पुणे जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति और तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह का राजनीतिक हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बजाज पुणे ग्रैंड टूर के सीजन 2 की शुरुआत 27 जनवरी 2027 को बारामती से होगाी। पुणे जिला प्रशासन द्वारा महाराष्ट्र सरकार के सहयोग से आयोजित इस आयोजन में फ्रांस, ग्रेट ब्रिटेन, बेल्जियम, जर्मनी, नीदरलैंड, ऑस्ट्रेलिया, चीन और थाईलैंड जैसे देशों के साइकिलिस्ट भाग लेते हैं।
पुणे कलेक्टर जितेंद्र डुडी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को सड़क निर्माण में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और बार-बार खामियां मिलने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए। दूसरे चरण के निर्माण कार्य सितंबर से शुरू कर 31 दिसंबर तक पूरे करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पुणे के जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के साथ ही तय गुणवत्ता मानकों का भी पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने सड़क निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता नियंत्रण की जांच सुनिश्चित करने को कहा। निर्माण में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की गुणवत्ता, सड़क की निर्धारित मोटाई, डामरीकरण की प्रक्रिया और सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक उपायों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए।
पुणे ग्रैंड टूर के पहले चरण में जिले की 8 तहसीलों में करीब 437 किलोमीटर सड़कों का निर्माण और विकास किया गया था। अब दूसरे चरण में 11 तहसीलों में 662 किलोमीटर सड़कों का विकास प्रस्तावित है।
दोनों चरणों को मिलाकर पुणे जिले में कुल 1,099 किलोमीटर सड़कों का निर्माण और विकास किया जाएगा। दूसरे चरण के सड़क कार्यों के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग को करीब 365 करोड़ रुपये का निधि उपलब्ध कराया गया है।