

Solid Waste Management Pmc Garbage Crisis: पुणे शहर का जिस तेजी से विस्तार हो रहा है, उसी रफ्तार से यहां की आबादी और उससे उत्पन्न होने वाले कचरे का संकट भी गहराता जा रहा है। वर्तमान में पुणे में प्रतिदिन लगभग 2,700 टन कचरा उत्पन्न हो रहा है, जो शहर की बढ़ती आवासीय और व्यवसायिक गतिविधियों का सीधा परिणाम है।
इस भारी-भरकम कचरे के वैज्ञानिक निपटान को लेकर पुणे मनपा अपनी तरफ से कई बड़े दावे कर रही है, लेकिन धरातल पर बढ़ती जा रही कचरे की मात्रा ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। महानगरपालिका का दावा है कि वह उत्पन्न होने वाले कुल कचरे में से करीब 2,200 टन कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान कर रही है, जबकि शेष कचरे को अन्य माध्यमों से निपटाया जा रहा है।
इस कचरे के प्रभावी प्रबंधन के लिए पूरे शहर में फिलहाल 27 कचरा प्रसंस्करण परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। महापालिका के ठोस कचरा प्रबंधन विभाग के अनुसार, इन 27 परियोजनाओं में से 14 परियोजनाएं विशेष रूप से गीले कचरे के प्रसंस्करण के लिए हैं और 13 परियोजनाएं सूखे कचरे के प्रबंधन के लिए समर्पित हैं। इन केंद्रों के जरिए हर दिन लगभग 1,700 टन सूखे कचरे और 450 से 500 टन गीले कचरे पर विभिन्न प्रक्रियाओं के तहत काम किया जाता है।
घरों, सब्जी मंडियों और अन्य स्रोतों से निकलने वाले गीले कचरे को पर्यावरण के अनुकूल उत्पादों में बदलने का प्रयास किया जाता है। इस गीले कचरे का उपयोग करके बायोगैस और कंपोस्ट खाद तैयार की जा रही है। उत्पादित होने वाली बायोगैस का इस्तेमाल ऊर्जा और बिजली बनाने में होता है, जबकि कंपोस्ट खाद किसानों के लिए कृषि क्षेत्र में एक बेहतरीन जैविक विकल्प साबित हो रही है।
कचरे के इस बढ़ते संकट से निपटने और उसकी संग्रह व परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए महापालिका बुनियादी ढांचे में सुधार के प्रयास भी कर रही है। मौजूदा समय में पुणे शहर के भीतर कचरा उठाने और उसे ट्रांसफर स्टेशनों तक पहुंचाने के लिए 93 बिन रिसोर्स सेंटर (बीआरसी), 6 बड़े हुक लोडर और लगभग 127 अत्याधुनिक कॉम्पैक्टर वाहन तैनात किए गए हैं।
इसके साथ ही, कचरा हस्तांतरण केंद्रों (ट्रांसफर स्टेशनों) को आधुनिक और पूरी तरह से यांत्रिक बनाने का काम चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस योजना के तहत हड़पसर और घोले रोड स्थित बड़े ट्रांसफर स्टेशनों के आधुनिकीकरण का काम फिलहाल प्रगति पर है।