पुणे में दही हांडी के दौरान हुआ हादसा, महिला पर गिरा डीजे का भारी-भरकम रैक, इलाज के दौरान मौत

पुणे के सांगवी में दही हांडी उत्सव के दौरान डीजे का रैक गिरने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई; घाटकोपर में 9वां थर लगाने के बाद गोविंदा गिरा।
Pune Dahi Handi Accident DJ Rack
पुणे के सांगवी में दुर्घटनाग्रस्त डीजे सेटअप और दही हांडी उत्सव स्थल का दृश्य(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

सांगवी में डीजे रैक गिरने से दर्दनाक हादसा

दही हांडी उत्सव के उल्लास के बीच पुणे से सटे पिंपरी-चिंचवड़ के जुनी सांगवी इलाके में एक अत्यंत दर्दनाक हादसा सामने आया है। कार्यक्रम स्थल पर डीजे का भारी-भरकम रैक अचानक एक 45 वर्षीय महिला के ऊपर गिर गया। इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उन्हें पास के अस्पताल पहुंचाया, हालांकि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में मातम और हड़कंप का माहौल है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

आयोजकों की लापरवाही और अनुमति पर उठे सवाल

पुरानी सांगवी में आयोजित इस दही हांडी कार्यक्रम के दौरान जब डीजे का रैक खड़ा किया जा रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने से वह सीधे महिला पर आ गिरा। इस घटना ने सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक नियमों की धज्जियां उड़ने की पोल खोल दी है। स्थानीय पुलिस अब इस बिंदु पर गहन जांच कर रही है कि क्या आयोजकों ने कार्यक्रम और डीजे लगाने के लिए पुलिस प्रशासन से आवश्यक कानूनी अनुमति ली थी या नहीं। पुलिस का कहना है कि आयोजकों और डीजे संचालक की भूमिका तय कर जल्द ही जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी मामला दर्ज किया जाएगा।

डीजे के बेधड़क इस्तेमाल पर फिर छिड़ी बहस

गणेशोत्सव और त्यौहारों के सीजन में तेज आवाज और भारी-भरकम डीजे (DJ) के इस्तेमाल को लेकर पूरे महाराष्ट्र में पहले से ही विवाद जारी है। सांगवी की इस दुखद घटना ने सार्वजनिक उत्सवों में खतरनाक डीजे सेटअप्स और सुरक्षा इंतजामों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Pune Dahi Handi Accident DJ Rack
नागपुर की ऐतिहासिक पीली मारबत के दर्शन करने पहुंचे अभिनेता प्रवीण तरडे, टांडापेठ में पत्नी संग की पूजा-अर्चना

घाटकोपर में 9वें थर से गिरा गोविंदा, ठाणे में लाखों के इनाम

दूसरी तरफ, मुंबई और ठाणे में भी दही हांडी की जबरदस्त धूम रही। मुंबई के घाटकोपर में मनसे द्वारा आयोजित दही हांडी में 'अखिल मालपा डोंगरी' (अंधेरी पूर्व) के गोविंदा पथक ने इस सीजन का पहला 9-स्तरीय इंसानी मीनार बनाकर रिकॉर्ड बनाया। हालांकि, 9वां थर लगाने के बाद नीचे उतरते समय ऊपर मौजूद एक गोविंदा असंतुलित होकर नीचे गिर गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। उधर ठाणे के 'स्वामी प्रतिष्ठान' दही हांडी में इस वर्ष रिकॉर्ड 71 लाख रुपये के पुरस्कार रखे गए, जबकि ऐतिहासिक टेंभी नाका दही हांडी में विजेता पथक को 1.51 लाख रुपये दिए गए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com