

CM Devendra Fadnavis Met Ketan Agarwal Father: पुणे के लोहगढ़ में हुई केतन अग्रवाल की नृशंस हत्या के मामले में राज्य सरकार ने न्याय की प्रक्रिया तेज कर दी है। शुक्रवार को केतन पिता विशाल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। इसके बाद सीएम फडणवीस ने केस को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में भेजने और देश के दिग्गज वकील उज्ज्वल निकम को कमान सौंपने का बड़ा फैसला लिया है।
केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने आज पुणे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और अपने बेटे के लिए न्याय की मांग की। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार दोषियों को कड़ी सज़ा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और परिवार को न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तुरंत ही फ़ास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने और इस मामले के लिए उज्ज्वल निकम को स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर नियुक्त करने की मांग मान ली और लॉ एंड ज्यूडिशियरी डिपार्टमेंट के सेक्रेटरी को इसके लिए निर्देश जारी कर दिए। सीनियर वकील उज्ज्वल निकम ने भी इस मामले में स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के तौर पर काम करने के लिए सहमति दे दी है।
बता दें कि पुणे ग्रामीण पुलिस के मुताबिक 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने 18 जून को पुणे में लोहगढ़ किले के निकट एक घाटी में उन्हें कथित तौर पर धक्का दे दिया था। इस मामले में पुलिस ने सिया गोयल (20) और चौधरी (22) को गिरफ्तार कर लिया गया है। केतन और सिया की शादी नवंबर में राजस्थान के उदयपुर स्थित एक महल में होने वाली थी।
पुणे पुलिस के मुताबिक 19 जून को सिया गोयल का जन्मदिन था। इसके लिए 18 जून को सिया और केतन अग्रवाल लोहगढ़ किले पर गए थे। सिया ने अपने बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी को यहां बुलाया था। केतन को फोटो खिंचवाने के बहाने खाई के पास खड़ा किया। जैसे ही केतन का ध्यान भटका सिया ने चेतन के साथ मिलकर केतन को 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।