

Sunetra Pawar Casts Vote In Baramati Assembly By Election: महाराष्ट्र की सियासत के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। राज्य की दो हाई-प्रोफाइल विधानसभा सीटों बारामती और राहुरी पर उपचुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, शाम 6 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इन चुनावों के नतीजे राज्य की भविष्य की राजनीति की दिशा तय करेंगे।
बारामती सीट, जो दशकों तक पवार परिवार का गढ़ रही है, आज एक अलग ही मिजाज में नजर आ रही है। यह उपचुनाव तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार के असामयिक निधन के कारण हो रहा है। अजित पवार की पत्नी और राज्य की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने सुबह-सुबह अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान से पहले उन्होंने विद्या प्रतिष्ठान कॉलेज परिसर जाकर अपने पति अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुनेत्रा पवार ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बारामती की जनता भारी संख्या में बाहर निकल रही है। यह केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि दादा (अजित पवार) को उनकी अंतिम विदाई और श्रद्धांजलि देने का माध्यम है। बारामती के लोगों ने 60 वर्षों से हमारे परिवार का साथ दिया है और आज दादा की कमी हर किसी को खल रही है।
वहीं राहुरी विधानसभा सीट पर मुकाबला दिलचस्प है। यहाँ भाजपा ने दिवंगत विधायक शिवाजी कर्डिले के पुत्र अक्षय कर्डिले को मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला राकांपा (शरदचंद्र पवार) के गोविंद मोकाटे और वंचित बहुजन आघाडी के संतोष चालके से है। यहाँ मुख्य लड़ाई सहानुभूति लहर और विपक्षी गठबंधन की रणनीति के बीच देखी जा रही है।
महाराष्ट्र विधानसभा की कुल 288 सीटों के गणित पर नजर डालें तो सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन वर्तमान में बेहद मजबूत स्थिति में है।
महायुति (235 सीटें): भाजपा (132), शिवसेना (57), राकांपा (41), सहयोगी (5)।
महाविकास आघाडी (50 सीटें): शिवसेना-उबाठा (20), कांग्रेस (16), राकांपा-शप (10), अन्य (4)।
दिलचस्प बात यह है कि बारामती में सुनेत्रा पवार के खिलाफ विपक्षी महाविकास आघाडी ने कोई साझा उम्मीदवार नहीं उतारा है, जिससे उनकी राह आसान नजर आ रही है।