गिरते ही आग का गोला बना अजित पवार का विमान, देखिए 25 सेकंड का दिल दहला देने वाला CCTV फुटेज

Ajit Pawar Plane Crash Video: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का बारामती में विमान दुर्घटना में निधन हो गया है। विमान गिरकर आग के गोले में तब्दील हो गया, जिसका एक CCTV वीडियो सामने आया है।
Ajit Pawar Plane Crash CCTV Video
अजित पवार के प्लेन क्रैश का CCTV फुटेज (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Ajit Pawar Plane Crash CCTV Video: महाराष्ट्र की राजनीति के लिए 28 जनवरी 2026 का दिन एक काले अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है। पुणे के बारामती में हुए एक भीषण विमान हादसे में राज्य के उपमुख्यमंत्री और राकांपा नेता अजित पवार सहित पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो भी सामने आया है।

'फ्लाइट रडार' के आंकड़ों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान ने बुधवार सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर मुंबई से उड़ान भरी थी। सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन करीब 8 बजकर 45 मिनट पर यह विमान रडार की पहुंच से अचानक गायब हो गया। ठीक 5 मिनट बाद, यानी 8 बजकर 50 मिनट पर बारामती हवाई अड्डे के पास उतरते समय विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। 66 वर्षीय अजित पवार जिला परिषद चुनावों के प्रचार के लिए जनसभाओं को संबोधित करने जा रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

CCTV फुटेज में दिखा मौत का तांडव

अजित पवार विमान हादसे का एक भयावह सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि विमान जैसे ही जमीन से टकराया, वह एक विशाल आग के गोले में तब्दील हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान नीचे गिरने से पहले हवा में काफी अस्थिर नजर आ रहा था। एक महिला चश्मदीद ने बताया कि विमान हवाई पट्टी के ऊपर चक्कर लगा रहा था और अचानक एक तरफ झुक गया, जिसके बाद वह तेजी से जमीन की ओर गिरा और उसमें जोरदार विस्फोट हुआ।

लगातार 4-5 धमाके और मलबे का ढेर

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि जैसे ही विमान जमीन से टकराया, उसमें लगातार चार से पांच भीषण विस्फोट हुए। धमाका इतना जबरदस्त था कि विमान के परखच्चे उड़ गए और मलबे के कुछ हिस्से पास के घरों तक जा गिरे। आग इतनी भीषण थी कि स्थानीय लोग चाहकर भी विमान के पास नहीं जा सके। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस दर्दनाक हादसे में अजित पवार के साथ सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई है।

NCP की पहचान से हुई शव की शिनाख्त

हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। शवों की स्थिति काफी नाजुक थी, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) से जुड़ी पहचान के आधार पर ही अजित पवार के पार्थिव शरीर की आधिकारिक शिनाख्त की गई। इस खबर के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर है और राजनीतिक गलियारों में मातम छाया हुआ है।

राजनीतिक हलचल और भविष्य पर सवाल

अजित पवार के अचानक निधन के बाद अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि उनके धड़े वाली NCP की कमान कौन संभालेगा। इस बीच, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक गंभीर दावा करते हुए कहा कि अजित पवार अपने पुराने गुट में लौटने वाले थे। फिलहाल, प्रशासन और विमानन विभाग इस हादसे के तकनीकी कारणों की जांच में जुटा हुआ है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com