

Ahilyadevi Holkar Farmer Loan Waiver Scheme News: राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी 'पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर शेतकरी कर्जमुक्ति योजना' के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अब शहरी स्थानीय निकायों में हलचल तेज हो गई है।
योजना का लाभ केवल वास्तविक और पात्र किसानों तक ही सीमित रखने के उद्देश्य से सरकार ने महानगरपालिकाओं में कार्यरत जनप्रतिनिधियों (नगरसेवकों), अधिकारियों और कर्मचारियों की आय की जांच शुरू कर दी है। इसके लिए सभी मनपा को तत्काल आवश्यक डेटा उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने विशेष रूप से उन अधिकारियों और कर्मचारियों का ब्यौरा मांगा है, जिनका मासिक वेतन 25 हजार रुपये से अधिक है। साथ ही वर्तमान जनप्रतिनिधियों और सेवानिवृत्त कर्मियों की अद्यतन जानकारी भी मांगी गई है। इस आदेश के बाद मनपा प्रशासन द्वारा डेटा संकलित कर उसे 'महा आईटी' पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया युद्धस्तर पर शुरू कर दी गई है।
इस जांच का मुख्य उद्देश्य तय आय मानकों से अधिक आय वाले अपात्र लोगों को लाभार्थियों की सूची से बाहर रखना है। मांगी गई विस्तृत जानकारी में संबंधित व्यक्ति का नाम, पदनाम, मोबाइल नंबर, विशिष्ट पहचान संख्या (पहचान पत्र विवरण), मासिक वेतन और सेवानिवृत्ति पेंशन का पूरा विवरण शामिल है। सरकार विभिन्न विभागों के आंकड़ों का आपस में मिलान कर पात्रता का अंतिम परीक्षण करेगी, ताकि कोई भी अपात्र व्यक्ति इस योजना का गलत लाभ न उठा सके।