सीवर से 22 टन प्लास्टिक कूड़ा निकला
- Written By: प्रभाकर दुबे
सांगली: सांगली मिराज और कुपवाड़ महानगरपालिका ( Kupwad Municipal Corporation) द्वारा मानसून (Monsoon) पूर्व जल निकासी का कार्य नगर आयुक्त सुनील पवार (Commissioner Sunil Pawar) के निर्देशानुसार महानगरपालिका क्षेत्र में एकाधिकारी द्वारा युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। जब भोभे में सीवर (Sewer) की सफाई की जा रही थी तो एक सीवर से करीब 22 टन प्लास्टिक कूड़ा (Plastic Waste) निकला।
इस काम की निगरानी उपायुक्त राहुल रोकड़े और उपायुक्त स्मृति पाटिल कर रहे हैं। सांगली में सबसे बड़ा माना जाने वाला भोभे नाला साफ किया जा रहा है और इसमें से करीब 22 टन कूड़ा निकाला जा चुका हैं। इसमें बड़ी मात्रा में प्लास्टिक की बोतलें और प्लास्टिक कूड़ा शामिल हैं।
आठ दिनों से नालों की सफाई
सांगली मिराज और कुपवाड़ शहर महानगरपालिका क्षेत्र में आठ दिनों से नालों की सफाई की जा रही है। आयुक्त सुनील पवार ने नालों की सफाई के कामों की शनिवार को समीक्षा की थी और नाले की सफाई के लिए संरक्षक अधिकारियों को नियुक्त किया। इसके तहत संरक्षक अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में जल निकासी कार्यों पर नियंत्रण और निगरानी करनी है। आयुक्त पवार ने इन संरक्षक अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि बरसात से पहले और बरसात के दौरान नाले की सफाई का काम पूरा कर लिया जाए। इसके अनुसार महानगरपालिका क्षेत्र में बड़े नालों को कूड़ा और गाद मुक्त करने का कार्य किया गया है। इसी के तहत दो दिन से हंड्रेड फुट रोड पर भोभे सीवर की सफाई का काम किया जा रहा हैं।
सम्बंधित ख़बरें
बार-बार सीवर जाम होने की घटना
बड़ी संख्या में प्लास्टिक की बेकार बोतलों को सीवरों में फेंक दिया जाता है, जिससे भोबे के सीवरों में बार-बार रुकावट आती है। इसलिए उपायुक्त राहुल रोकड़े, वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक अविनाश पाटणकर, स्वच्छता निरीक्षक यूनुस बरगीर ने इस भोबे नाले की सफाई शुरू करने के बाद निरीक्षण किया और पूरे नाले से कूड़ा हटाने के निर्देश दिया।
अधिकांश प्लास्टिक की बोतलें
इस बीच बोभे के सीवरों में निकाले गए कूड़ा में सबसे ज्यादा प्लास्टिक की बोतलें और अन्य प्लास्टिक सामग्री पाई गई है। इन सीवरों में पर्यावरण के लिए खतरनाक प्लास्टिक कचरे के डंपिंग के कारण, सीवर अक्सर अवरुद्ध हो जाते हैं। नागरिक प्लास्टिक कचरे को नालियों में न फेंके, यह अपील मनपा के उपायुक्त राहुल रोकड़े ने की है।
