मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर भारी भूस्खलन, लोणावला-कर्जत घाट में रेल सेवा ठप, 17 ट्रेनें रद्द, 31 के बदले रूट

Mumbai Pune Rail: सह्याद्रि घाट में भारी बारिश के बाद ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल के बीच बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ है। मुंबई-पुणे रेल मार्ग ठप होने से डेक्कन क्वीन सहित 17 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं।
Massive landslides between Thakurwadi and Monkey Hill have completely disrupted the Mumbai-Pune rail route. Central Railway cancelled 17 trains and diverted 31 others.
मुंबई-पुणे रेल मार्ग (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Pune Rail Landslide: सह्याद्रि घाट क्षेत्र में पिछले 3 दिनों से हो रही रिकॉर्ड बारिश के कारण सोमवार को मध्य रेलवे के मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। लोणावला-कर्जत घाट सेक्शन में ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल के बीच सोमवार तड़के करीब 2.30 बजे दो स्थानों पर बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुबह 3 बजे से इस मार्ग पर रेल यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया। मंकी हिल से खंडाला के बीच लगभग पांच किलोमीटर का घाट क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। लगातार बारिश और कम दृश्यता के बीच बहाली का काम चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

मध्य रेलवे के अधिकारियों के अनुसार घाट क्षेत्र में रविवार को 600 मिमी से अधिक, उससे एक दिन पहले करीब 300 मिमी और सोमवार सुबह पहले 4 घंटों में लगभग 160 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार हुई अतिवृष्टि से पहाड़ पूरी तरह पानी से संतृप्त हो गए, जिससे पहले ठाकुरवाड़ी और फिर मंकी हिल-खंडाला के बीच बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ। चट्टानें, मिट्टी और पेड़ रेलवे ट्रैक पर गिरने से रेल यातायात तत्काल रोकना पड़ा।

वॉचमैन की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए मध्य रेलवे ने पहले से ही संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष स्टेशनरी वॉचमैन तैनात किए थे। भूस्खलन होते ही उन्होंने नियंत्रण कक्ष को सूचना दी, जिससे किसी ट्रेन की मलबे से टक्कर नहीं हुई और कोई यात्री या रेलकर्मी घायल नहीं हुआ। भूस्खलन के समय घाट सेक्शन में 2 लंबी दूरी की ट्रेनें खड़ी थीं।

दौड-ग्वालियर सुपरफास्ट एक्सप्रेस खंडाला के पास और लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बेंगलुरु एक्सप्रेस ठाकुरवाड़ी के निकट रोकी गई थी। स्थिति का आकलन करने के बाद दोनों ट्रेनों को सुबह करीब 6.15 बजे सुरक्षित रूप से क्रमशः लोणावला और कर्जत स्टेशन वापस लाया गया। रेल यातायात बंद होने से डेक्कन क्वीन, डेक्कन एक्सप्रेस, इंद्रायणी एक्सप्रेस, प्रगति एक्सप्रेस, सिंहगढ़ एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस सहित अधिकांश प्रमुख ट्रेनें रद्द कर दी गई।

मुंबई-सोलापुर और मुंबई धुले एक्सप्रेस भी प्रभावित ट्रेनों में शामिल है। अब तक 17 ट्रेनें रद्द की गई हैं, जबकि 31 लंबी दूरी की ट्रेनों को इगतपुरी-मनमाड-दौंड और सूरत-मनमाड-दौड जैसे वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है। कई ट्रेनों को बीच रास्ते ही समाप्त या परिवर्तित स्टेशन से चलाया जा रहा है।

ओवरहेड वायर, सिग्नल व रेल पटरियों की हो रही जांच

घटनास्थल पर मध्य रेलवे के 80 से अधिक अधिकारी, कर्मचारी और इंजीनियरिंग विभाग की टीमें 8 जेसीबी मशीनों की मदद से ट्रैक से मलबा, चट्टानें, मिट्टी और पेड़ हटाने का काम कर रही है। साथ ही ओवरहेड वायर, सिग्नल प्रणाली और रेल पटरियों की भी जांच की जा रही है, हालांकि लगातार बारिश, कम दृश्यता और पहाड़ियों से लगातार गिर रहे मलबे के कारण काम प्रभावित हो रहा है। अधिकारियों का कहना है कि रेल सेवाएं पूरी तरह सामान्य होने में अभी कुछ समय लग सकता है।

मरम्मत कार्य में बारिश बनी बाधा

मध्य रेलवे के अधिकारियों के अनुसार मरम्मत कार्य के दौरान भी पहाड़ियों से लगातार मिट्टी और चट्टाने गिर रही हैं, जिससे काम बेहद सावधानी से करना पड़ रहा है। लगातार बारिश और कम दृश्यता के कारण यह कहना मुश्किल है कि बहाली का कार्य सोमवार को पूरा हो सकेगा। ऐसे में मुंबई-पुणे घाट सेक्शन पर रेल यातायात मंगलवार को भी बंद रहने की संभावना जताई गई है।

समय / स्थान घटनाक्रम
रात 2:30 बजे ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल के पास भूस्खलन हुआ।
सुबह 3:00 बजे लोणावला–कर्जत रेल यातायात एहतियातन बंद किया गया।
सुबह 6:15 बजे घाट में फंसी दो ट्रेनों को सुरक्षित वापस लाया गया।
मंकी हिल–खंडाला घाट लगभग 5 किमी का घाट क्षेत्र भूस्खलन से प्रभावित रहा।
आगे की स्थिति मंगलवार को भी रेल सेवा बाधित रहने की संभावना जताई गई।

रेल यातायात पर असर

श्रेणी संख्या / स्थिति
रद्द ट्रेनें 26
मार्ग बदला गया 47 ट्रेनें
शॉर्ट टर्मिनेट 19 ट्रेनें
शॉर्ट ओरिजिनेट 15 ट्रेनें
समय री-शेड्यूल 3 ट्रेनें
समय पुनर्निर्धारित एवं मार्ग बदला 6 ट्रेनें
स्टेशन हेल्पलाइन नंबर
सीएसएमटी (CSMT) 022-22694040
ठाणे 9321336747
लोणावला 8356854238
दादर 9136452387
Navbharat Live
navbharatlive.com