प्रतिकात्मक तस्वीर (सौजन्य सोशल मीडिया)
पालघर : महाराष्ट्र के पालघर जिले में 30 वर्षीय एक महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में जानकारी देते हुए पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पीड़ित महिला को आरोपियों ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर फंसाया और फिर मौका पाकर महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
इस मामले की जांच कर रहे अचोले पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि आरोपियों में से एक ने पीड़ित महिला को नौकरी दिलाने के बहाने दो सितंबर को नाला सोपारा इलाके में अपने घर पर बुलाया था।
घटना को लेकर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक नौकरी मिलने की बात पर जब पीड़िता आरोपी की बताई जगह पर पहुंची तो आरोपी ने उसे धर दबोचा और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी यहीं पर नहीं रुका बल्कि उसने पीड़िता को इलाके के अपने जानने वाले दो अन्य लोगों के घर भी भेज दिया, जहां उन्होंने भी महिला के साथ बलात्कार किया।
पुलिस ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों की उम्र 26 से 35 वर्ष के बीच हैं। दुष्कर्म के बाद आरोपियों ने पीड़ित महिला को धमकी भी दी कि अगर उसने इस घटना के संबंध में किसी को बताया तो वे फिर से ऐसा ही करेंगे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित महिला ने रविवार को पुलिस से संपर्क किया और घटना के बारे में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने सोमवार को तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (बलात्कार), 70(1) (सामूहिक बलात्कार) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)