कंबल में छिपकर मासूम ने देखा मौत का मंजर! बाप और बुआ ने मां के साथ जो किया, सुनकर थर्रा जाएंगे आप
Virar Murder Case: विरार में रोंगटे खड़े कर देने वाली हत्या। पति और ननद ने मिलकर की कल्पना सोनी की हत्या। 6 साल की मासूम बेटी ने देखा खौफनाक मंजर। आरोपी 2 जनवरी तक पुलिस हिरासत में।
- Written By: प्रिया जैस
पालघर हत्याकांड (डिजाइन फोटो)
Palghar Crime News: महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार इलाके से एक बेहद खौफनाक आपराधिक घटना सामने आई है। यहां 36 वर्षीय महिला की उसके पति और ननद ने कथित तौर पर मिलकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार यह वारदात अचानक नहीं, बल्कि पहले से सोची समझी साजिश के तहत अंजाम दी गई। मृतका की पहचान कल्पना सोनी के रूप में हुई है, जिनकी शादी वर्ष 2015 में महेश सोनी से हुई थी। वह पति और छह वर्षीय बेटी के साथ विरार में रहती थीं।
बच्ची ने देखा पूरा घटनाक्रम
मृतका के परिजनों का दावा है कि हत्या के समय उनकी छह साल की बेटी उसी कमरे में मौजूद थी। कल्पना के पिता बाबूलाल सोनी के मुताबिक, रात के वक्त कल्पना अपनी बेटी के साथ सो रही थीं, तभी हमला शुरू हुआ। डर के कारण बच्ची कंबल के नीचे छिप गई, लेकिन उसने अपने पिता और बुआ को अपनी मां पर हमला करते देखा। जब बच्ची ने मां को बचाने की कोशिश की तो आरोपी पिता ने उसे जबरन दूसरे कमरे में बंद कर दिया।
पहचान छिपाकर घर में घुसी ननद
पुलिस को बताया गया है कि ननद दीपाली सोनी, जो मुलुंड में रहती है, उसने सोसायटी में प्रवेश के दौरान अपनी असली पहचान छिपाई। उसने खुद को सीमा शर्मा नाम की नर्स बताकर सुरक्षा कर्मचारियों और निवासियों को गुमराह किया, ताकि किसी को शक न हो।
सम्बंधित ख़बरें
खंडवा में लव जिहाद का मामला: नाबालिग छात्रा के हाथ पर उर्दू में लिखकर दी धमकी, आरोपी युवक रेहान गिरफ्तार
Yavatmal Crime: 12 साल से फरार पॉक्सो आरोपी बिहार से गिरफ्तार, पाटण पुलिस की बड़ी सफलता
Gadchiroli News: गड़चिरोली में अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, आरोपी 6 माह के लिए तड़ीपार
मार डालो या जो चाहो करो… बारुईपुर के दरिंदे प्रभास मंडल की मां ने शव लेने से किया साफ इनकार
परिजनों ने आरोप लगाया कि पहले कल्पना को क्लोरोफॉर्म देकर बेहोश किया गया, इसके बाद उन्हें जहरीला इंजेक्शन दिया गया। जांच में सामने आया है कि इसके बाद रसोई में इस्तेमाल होने वाले भारी औजार मूसल से उनके सिर और सीने पर कई वार किए गए, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसा दिखाने की कोशिश
हत्या के बाद पति और ननद ने सबूत मिटाने की कोशिश की। कल्पना के चेहरे पर फाउंडेशन लगाकर चोटों के निशान छिपाए, खून से सनी साड़ी बदल दी और उन्हें सजाकर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों को बताया गया कि वह बाथरूम में फिसलकर गिर गई थीं। हालांकि डॉक्टरों को कहानी संदिग्ध लगी और उन्होंने तुरंत बोलिंज पुलिस स्टेशन को सूचना दी।
यह भी पढ़ें – कोविड से धारावी तक…उद्धव ठाकरे की नई किताब में क्या है खास? बीएमसी चुनाव के लिए बिछी बिसात
पुराने विवाद भी आए सामने
पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। वर्ष 2019 में कल्पना ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया था, जिसमें गिरफ्तारी भी हुई थी। बाद में 2021 में समझौते के बाद दोनों फिर से साथ रहने लगे थे।
आरोपी पुलिस हिरासत में
बोलिंज पुलिस के वरिष्ठ निरीक्षक प्रकाश कांबले ने बताया कि महेश सोनी और दीपाली सोनी को गिरफ्तार कर वसई की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। हत्या में इस्तेमाल हथियार की तलाश जारी है। पुलिस छह वर्षीय बच्ची का औपचारिक बयान दर्ज कराने के लिए संबंधित प्राधिकारी से अनुमति लेने की प्रक्रिया में है, क्योंकि वह इस मामले की सबसे अहम प्रत्यक्ष गवाह मानी जा रही है।
