

Palghar Gas Leak: महाराष्ट्र के पालघर जिले के एक औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक रासायनिक इकाई से सोमवार दोपहर ओलियम (फ्यूमिंग सल्फ्यूरिक एसिड) गैस का रिसाव हुआ। हालांकि, इस रिसाव से किसी के प्रभावित होने की तत्काल कोई खबर नहीं है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एमआईडीसी डी-ज़ोन क्षेत्र में स्थित भागेरिया केमिकल्स कंपनी (पूर्व में जेनिथ केमिकल्स) की इकाई से जहरीली गैस का रिसाव हुआ, जिसके बाद जिला प्रशासन और आपातकालीन सेवाओं ने तुरंत कार्रवाई की। जिला कलेक्टर और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की प्रमुख डॉ. इंदु रानी जाखड़ के अनुसार, यह घटना औद्योगिक क्षेत्र में सलवाड़ और पास्थल गांवों के पास स्थित कंपनी में अपराह्न करीब दो बजे हुई।
जाखड़ ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, दमकल विभाग, पुलिस विभाग और आपदा प्रबंधन तंत्र तुरंत मौके पर पहुंच गया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।” उन्होंने प्रारंभिक जानकारी का हवाला देते हुए कहा कि फिलहाल इस घटना से कोई प्रभावित नहीं हुआ है और एक तकनीकी टीम गैस रिसाव को नियंत्रित करने के लिए काम कर रही है।
एहतियात के तौर पर सलवाड़ और पास्थल के निवासियों को सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों के जरिए सुरक्षा प्रोटोकॉल की जानकारी दी गई है। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों को प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने तथा गीले रुमाल, कपड़े या मास्क से नाक और मुंह ढकने की सलाह दी है। यदि उपलब्ध हो, तो दस्ताने और चश्मे जैसे सुरक्षात्मक उपकरण इस्तेमाल करने को भी कहा गया है।
गैस के संपर्क में आने की स्थिति में लोगों को निर्देश दिया गया है कि वे प्रभावित त्वचा या आंखों को कम से कम 15-20 मिनट तक साफ पानी से धोएं और प्रभाव कम लगने पर भी चिकित्सकीय सहायता अवश्य लें। कलेक्टर जाखड़ ने निवासियों से अफवाहों पर विश्वास न करने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की।
(एजेंसी इनपुट के साथ)