नालासोपारा में हाईटेंशन ट्रांसफॉर्मर पर चढ़ा शराबी युवक, पुलिस व महावितरण की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

Nalasopara Tulinj Police: नालासोपारा में नशे की हालत में हाईटेंशन ट्रांसफॉर्मर पर चढ़े युवक को तुलिंज पुलिस और महावितरण ने सतर्कता दिखाते हुए बचा लिया। क्षेत्र की बिजली काटकर टला बड़ा हादसा।
Drunk youth climbs high-tension transformer in Nalasopara
ट्रांसफॉर्मर पर चढ़ा युवक सोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Nalasopara Tulinj Police High Tension Transformer Incident: नालासोपारा पूर्व में सोमवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक नशे की हालत में तुलिंज पुलिस स्टेशन के सामने स्थित हाईटेंशन बिजली ट्रांसफॉर्मर पर चढ़ गया। घटना रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है।

ट्रांसफॉर्मर पर युवक को खतरनाक स्थिति में देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर तुलिंज पुलिस के जवान तुरंत थाने से बाहर आए और बचाव अभियान शुरू किया।

महावितरण ने बंद की बिजली सप्लाई

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल महावितरण से संपर्क किया। हाईटेंशन लाइन में करंट प्रवाहित होने के कारण युवक की जान को गंभीर खतरा था। किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई।

बिजली कटने के बाद पुलिस अधिकारियों ने ट्रांसफॉर्मर के नीचे से युवक से बातचीत शुरू की। काफी समझाने-बुझाने के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

पुलिस की तत्परता से टली बड़ी घटना

तुलिंज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विजय जाधव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देरी किए स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की।

पालघर जिला के नालासोपारा में महावितरण की मदद से बिजली बंद कराई गई और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद आवश्यक कार्रवाई की गई। प्राथमिक जांच के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

Drunk youth climbs high-tension transformer in Nalasopara
Mumbai Voter List SIR: मुंबई में मतदाता सूची अपडेट के लिए SIR अभियान तेज, आयुक्त अश्विनी भिड़े ने मांगा सहयोग

स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की

घटना के प्रत्यक्षदर्शी स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक ट्रांसफॉर्मर के ऊपर बेहद खतरनाक स्थिति में खड़ा था। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस समय पर बिजली सप्लाई बंद नहीं करवाती, तो गंभीर हादसा हो सकता था।

नालासोपारा पुलिस और महावितरण की त्वरित कार्रवाई से युवक को सुरक्षित बचा लिया गया और इलाके में संभावित बड़ी अनहोनी टल गई।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com