

Navi Mumbai Ulwe Police Attack Case: नशे के सौदागर कार्रवाई के दौरान पुलिस पर हमला करने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। ताजा मामला मुंबई पुलिस पर कातिलाना हमले का सामने आया है। जब वे ड्रग्स तस्करों की गिरफ्तारी के लिए नवी मुंबई के उलवे इलाके में गए थे।
तस्करों ने उन पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया और देसी कट्टों से धमकाया था। इसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, बता दें कि इससे पहले नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के अधिकारियों पर भी नाइजीरियाई नागरिकों ने मानखुर्द में ड्रग्स तस्करी के आरोप में पकड़ने गए समय हमला किया था। इस मामले में उलवे पुलिस स्टेशन में आठ हमलावरों के खिलाफ कई संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
जिसमें गोवंडी इलाके के दो फरार ड्रग्स पैडलर भी शामिल है। इनकी पहचान इस्माइल शेख और आसिफ खान के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेहराज के रूप में हुई है, जबकि फरार ड्रग्स तस्करों की पहचान इस्माइल शेख, शाहिद खान, अयाज खान, आसिफ खान, मेराज खान, निजाम और शोएब के रूप में की गई है।
पुलिस को अपनी ओर आते देख आरोपियों ने अचानक हमला बोल दिया। आरोपियों के पास तलवार, देसी कट्टा, हॉकी स्टिक और अन्य घातक हथियार थे। एक इनफॉर्मर के सिर पर तलवार से वार किया गया, वहीं दूसरे इनफॉर्मर के सीने पर बंदूक रखकर उसे डराने की कोशिश की गई।
इस दौरान असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर किरण मांड्रे ने एक आरोपी को पकड़ स्खा था। तभी एक बाइक सवार ने उन पर बाइक चढ़ाने की कोशिश की। साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों पर भी तलवार से हमला किया गया। गनीमत रही कि किसी भी पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई।