भूख हड़ताल कर रहे नासिक के आदिवासी छात्रों की सुनी राहुल गांधी ने बात, कहा- हर छात्र का अधिकार

Rahul Gandhi Meets Tribal Students In Nashik: नासिक दौरे पर राहुल गांधी ने भूख हड़ताल कर रहे आदिवासी छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और शिक्षा को हर छात्र का अधिकार बताया।
Rahul Gandhi Meets Tribal Students In Nashik
राहुल गांधी ने नासिक में आदिवासी छात्रों से मुलाकात की(सोर्स: IANS)
Published on
Updated on

Rahul Gandhi Discusses Education Issues With Students: नासिक में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहुंचे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आदिवासी छात्र-छात्राओं के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल में वे छात्र भी शामिल थे, जो अपनी विभिन्न मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। राहुल गांधी ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और मांगों को विस्तार से सुना। छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था, छात्रावासों में सुविधाओं, अध्ययन के लिए जरूरी संसाधनों और छात्र कल्याण योजनाओं से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं।

मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि प्रत्येक छात्र को पढ़ाई के लिए सम्मानजनक, सुरक्षित और अनुकूल वातावरण मिलना उसका अधिकार है। उन्होंने कहा कि वंचित समुदायों के छात्रों को व्यवस्था की अनदेखी नहीं, बल्कि सहयोग और हरसंभव मदद मिलनी चाहिए।

राहुल गांधी का संदेश

राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षा किसी खास वर्ग के लिए विशेषाधिकार नहीं हो सकती, बल्कि भारत के हर छात्र का अधिकार है। उन्होंने कहा कि खासकर वंचित और आदिवासी समुदायों से आने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा हासिल करने के लिए आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण मिलना चाहिए।

उनका यह संवाद ऐसे समय हुआ है, जब महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में आदिवासी छात्रावासों, आश्रम स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था और छात्र कल्याण से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन और भूख हड़ताल की खबरें सामने आ रही हैं।

माना जा रहा है कि छात्रों ने राहुल गांधी को अपनी जमीनी समस्याओं से अवगत कराते हुए छात्रावासों की स्थिति सुधारने, पर्याप्त शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं का प्रभावी तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की मांग रखी। राहुल गांधी ने छात्रों की बात ध्यानपूर्वक सुनी और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

Rahul Gandhi Meets Tribal Students In Nashik
हमें युवाओं को शिक्षित करना है, गुंडा नहीं बनाना, मुंबई में महाडिक पर बरसे रवींद्र चव्हाण

प्रशिक्षण शिविर के समापन में पहुंचे राहुल गांधी

राहुल गांधी नासिक में कांग्रेस के 'संगठन सृजन अभियान' के तहत आयोजित 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन सत्र में शामिल होने पहुंचे थे। इस शिविर में महाराष्ट्र के 78 नव-नियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया गया।

राहुल गांधी पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करने के साथ 'वैश्विक राजनीति और भारत' विषय पर भी अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें केसी वेणुगोपाल, हर्षवर्धन सपकाल, विजय वडेट्टीवार, बालासाहेब थोरात, सतेज पाटिल, नाना पटोले, माणिकराव ठाकरे और नसीम खान सहित अन्य नेता शामिल हैं।

पिछले करीब दो सप्ताह में यह राहुल गांधी का महाराष्ट्र का दूसरा दौरा है। इससे पहले उन्होंने पुणे में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में हिस्सा लेकर शिक्षा और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com