छह खतरनाक होर्डिंग हटाने के आदेश, होर्डिंग धारकों को जारी की गई नोटिस, 24 घंटे के भीतर नहीं हटाए गए तो होगी कार्रवाई

Hoardings
File Pic
Published on
Updated on

नाशिक: स्टॅबिलिटी सर्टिफिकेट दाखिल करने के बाद मनपा प्रशासन की ओर से की गई जांच के बाद 240 होर्डिंग को  दुरुस्त करने की बात सामने आई थी, लेकिन मनपा की ओर से सिर्फ छह  होर्डिंग हटाने के आदेश दिए गए हैं।  होर्डिंग धारकों होर्डिंग हटाने के लिए नोटिस जारी की गई है और कहा गया है कि वे 24 घंटे  के अंदर उक्त होर्डिंग हटा लें, अन्यथा कड़ी कार्यवाही की जाएगी।  

नाशिक मनपा सीमा में 845 विज्ञापन होर्डिंग धारक 

पिंपरी-चिंचवड़ मनपा क्षेत्र में एक विज्ञापन होर्डिंग गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई थी। इस पृष्ठभूमि में राज्य सरकार ने मनपा सीमा के भीतर विज्ञापन होर्डिंग के स्थिरता प्रमाण पत्र की जांच करने के निर्देश दिए थे। नाशिक मनपा सीमा में 845 विज्ञापन होर्डिंग धारक हैं। इन सभी को 25 जून तक विज्ञापन होर्डिंग स्थिरता प्रमाण पत्र जमा करने का निर्देश दिया गया था। होर्डिंग्स की स्थिरता की जांच के लिए तीन एजेंसियों सिविल टेक, संदीप फाउंडेशन, त्र्यंबक रोड और केबीटी कॉलेज, गंगापुर रोड को नियुक्त किया गया था।

 240 होर्डिंग्स को तत्काल मरम्मत की आवश्यकता

मनपा के विभिन्न कर विभागों में 845 होर्डिंग धारकों ने प्रमाण पत्र जमा किया। इसके बाद मनपा प्रशासन की ओर से होर्डिंग्स की मरम्मत व अन्य तकनीकी मामलों की जानकारी भी मांगी गई थी। सिविल टेक इंस्टीट्यूट ने 424 होर्डिंग्स की रिपोर्ट मनपा को सौंपी है, इसमें सिफारिश की गई है कि 240 होर्डिंग्स को तत्काल मरम्मत की आवश्यकता है। जबकि छह होर्डिंग्स को बेहद खतरनाक बताया गया है और सबसे खतरनाक होर्डिंग्स को 24 घंटे के भीतर हटाने का निर्देश दिया गया है। यह जानकारी विभिन्न कर विभागों के उपायुक्त श्रीकांत पवार ने दी, इसके मुताबिक टैक्स विभाग ने 240 होर्डिंग धारकों को मरम्मत के लिए और 6 होर्डिंग धारकों को 24 घंटे के भीतर अपने होर्डिंग तोड़ने के लिए नोटिस जारी किया है। इसमें नाशिक वेस्ट डिवीजन में 4, नाशिक रोड डिविजन में एक और सिडको डिविजन में एक होर्डिंग शामिल है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com