

Nashik Voter Verification Drive: 125-नासिक पश्चिम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के लिए मंगलवार, 31 मार्च को एक विशेष अभियान का आयोजन किया गया है।
मतदाता पंजीकरण अधिकारी शुभांगी भारदे ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से नागरिकों से इस पहल में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है। यह अभियान सुबह 9 बजे से दोपहर 4 बजे तक चलाया जाएगा, इसके अंतर्गत मतदाता सूची की गुणवत्ता सुधारने के लिए निम्नलिखित कार्य किए जाएंगे।
मतदाता सूची में मौजूद अस्पष्ट, धुंधली और गैर-मानवीय छायाचित्रों का सत्यापन कर मतदाताओं के नए और स्पष्ट फोटो प्राप्त किए जाएंगे। वर्ष 2002 की मतदाता सूची का वर्ष 2024 की सूची के साथ मिलान करने का कार्य भी जारी है, ताकि सूची की शत-प्रतिशत सटीकता सुनिक्षित की जा सके। मतदाता अपने नाम, पते, आयु, फोटो या मोबाइल नंबर में यदि कोई त्रुटि हो, तो उसे मौके पर ही दुरुस्त करा सकते हैं।
इस कार्य के लिए संबंधित मतदान केंद्रों पर मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। यदि सूची में दोहरा नाम या अन्य कोई तकनीकी विसंगति हो, तो उसके समाधान के लिए भी बीएलओं से संपर्क किया जा सकता है।
पंजीकरण अधिकारी श्रीमती भारदे ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे केंद्र पर आते समय अपना मतदाता पहचान पत्र साथ अवश्य लाएं। आगामी चुनावों को देखते हुए मतदाता सूची का शुद्धिकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए नागरिकों को इस अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया गया है।
एक सटीक मतदाता सूची ही मजबूत लोकतंत्र की नींव है। हम तकनीक और व्यक्तिगत सत्यापन के माध्यम से नासिक पश्चिम की सूची को पूरी तरह त्रुटिहीन बनाने का प्रयास कर रहे है।
-नासिक पश्चिम, मतदाता पंजीकरण अधिकारी, शुभांगी भारदें