Nashik Kumbh 2026: 12 करोड़ भक्तों के लिए बनेगा 'हेल्थ कवच', 25 हाई-टेक अस्पताल और वॉकी-टॉकी से लैस होगी टीम

Nashik Simhastha Kumbh 2026: नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ मेले के लिए महाराष्ट्र सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं का मास्टर प्लान जारी किया है। 25 अस्थायी अस्पताल और 24/7 चिकित्सा टीमें बनाई जाएगी।
Nashik Simhastha Kumbh Health Services Plan
नासिक कुंभ में बनेंगे अस्थाई अस्पताल (सोर्स: AI)
Published on
Updated on

Nashik Simhastha Kumbh Health Services Plan: महाराष्ट्र के नासिक के त्र्यंबकेश्वर में होने वाले कुंभ मेले के दौरान भक्तों और तीर्थयात्रियों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ब्लूप्रिंट तैयार हो गया है। महाराष्ट्र के सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश आबिटकर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया है कि व्यापक चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह से तैयार रहें। ये निर्देश स्वास्थ्य मंत्रालय में आयोजित एक समीक्षा बैठक के दौरान जारी किए गए, जिसमें इस विशाल धार्मिक समागम के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारियों सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। मंत्री आबिटकर ने कहा कि नासिक सिंहस्थ कुंभ मेले की अवधि के दौरान विभिन्न पवित्र स्थलों पर लगभग 12 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

वॉकी-टॉकी के साथ तैनात होंगे कर्मी

मंत्री प्रकाश आबिटकर ने रामकुंड, सीता गुफा, साधु ग्राम और मुक्ति धाम जैसे प्रमुख स्थानों तथा अन्य धार्मिक स्थलों पर स्वास्थ्य सेवा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि वे व्यवस्थाओं की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करने के लिए जल्द ही नासिक का दौरा करेंगे। भारी भीड़ के कारण संचार संबंधी संभावित समस्याओं से निपटने के लिए मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आपातकालीन चिकित्सा समन्वय हेतु वॉकी-टॉकी तैनात करें और एक सुदृढ़ नियंत्रण प्रणाली स्थापित करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस आयोजन के दौरान देश भर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की चिकित्सा संबंधी असुविधा का सामना न करना पड़े। मंत्री ने अधिकारियों को आगे निर्देश दिया कि वे प्रभावी स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन के लिए विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियां सौंपे और पर्याप्त तैयारियों को सुनिश्चित करें। अधिकारियों से कहा गया है कि वे सभी प्रमुख स्थानों पर कड़ी स्वच्छता बनाए रखें और जल स्रोतों की नियमित रूप से जांच करें।

25 जगहों पर बनेंगे हाॅस्पिटल

इसके अतिरिक्त, कुंभ मेले की पूरी अवधि के दौरान 'हेल्थ प्रोटेक्टर किट' की उपलब्धता और दवाओं के पर्याप्त भंडार को सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए है। कुंभ मेले के दौरान त्र्यंबकेश्वर इलाके में 25 जगहों पर तीन-तीन बेड के हॉस्पिटल बनाए जाएंगे, ये आउटपेशेंट हॉस्पिटल त्र्यंबकेश्वर मंदिर, कुशावर्त, साधु ग्राम, अल्पबचत भवन, घाट इलाका, पैगलवाडी, बड़ा उदास अखाड़ा, निर्मल अखाडा, निरंजनी अखाड़ा, जूना अखाड़ा समेत 25 जगहों पर खुले रहेंगे।

अस्पतालों में दवाओं का होगा पर्याप्त स्टॉक

तीन महीने तक, इन आउटपेशेंट हॉस्पिटल में एमबीबीएस डॉक्टर, बीएमएस डॉक्टर, स्टाफ नर्स, एएनएम, फार्मासिस्ट, नर्स समेत सात लोगों की टीम रहेगी। किसी भी दुर्घटना की स्थिति में आउटपेशेंट की जांच, जरूरत के हिसाब से फस्र्ट एड, ड्रेसिग, ऑक्सीजन वगैरह का इंतजाम यहीं पर किया जाएगा। साथ ही त्योहार के समय नी दिनों के लिए घाट इलाके में तीन बेड का इंटेसिव केयर यूनिट (आईयूसी) चालू रहेगा।

मंत्री आबिटकर ने साधु ग्राम, घाट परिसरों के दोनों किनारों, वाहन पार्किंग स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अखाड़ों के स्थानों, पर्यटन स्थलों और पुलिस, स्वास्थ्यकर्मी, स्वच्छता कर्मचारी आदि अत्यावश्यक सेवा के कर्मचारियों के आवास स्थलों पर स्वास्थ्य दल, एम्बुलेंस और आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com