

Sushma Andhare On Rupali Chakankar: नासिक के स्वघोषित तांत्रिक अशोक खरात की गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल आ गया है। भक्त महिलाओं के यौन शोषण के आरोपी खरात के राजनीतिक संबंधों को लेकर पहले से ही कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन अब शिवसेना (यूबीटी) नेता सुषमा अंधारे ने इस मामले में सीधे राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली चाकणकर को घसीट लिया है।
सुषमा अंधारे ने एक धमाकेदार पत्रकार परिषद में दावा किया कि रुपाली चाकणकर न केवल अशोक खरात को जानती थीं, बल्कि वे खुद तंत्र-मंत्र की गतिविधियों में शामिल रही हैं। अंधारे ने साल 2024 के कुछ फोटो और सबूत पेश करते हुए कहा कि 2 सितंबर 2024 को सोमवती अमावस्या के दिन रुपाली चाकणकर ने अपनी अनामिका काटी थी। यह कोई घरेलू चोट नहीं थी, बल्कि तांत्रिक क्रिया का हिस्सा थी।" अंधारे के मुताबिक, इस चोट के बाद चाकणकर की उंगली पर करीब तीन महीने तक पट्टी बंधी रही, जो उनके दावों को पुख्ता करती है।
शिवसेना (यूबीटी) नेता सुषमा अंधारे ने चाकणकर और आरोपी खरात के बीच गहरे पारिवारिक संबंधों का दावा किया है। उन्होंने कहा कि खरात की बेटी की शादी में चाकणकर की सक्रिय मौजूदगी थी और खरात की भांजी भी चाकणकर के संपर्क में रहती थी। हालांकि, रुपाली चाकणकर ने पहले ही इन तमाम संबंधों और आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सुषमा अंधारे ने मांग की है कि रुपाली चाकणकर को नैतिक आधार पर राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने यह भी जोर दिया कि इस पूरे 'तांत्रिक नेक्सस' का सच सामने लाने के लिए चाकणकर का नार्को टेस्ट कराया जाना अनिवार्य है। अंधारे ने कहा कि पीड़ितों से मिली जानकारी बेहद चौंकाने वाली है और सत्ता के संरक्षण में ऐसे तांत्रिकों का फलना-फूलना समाज के लिए घातक है।