

Highlights:
प्रयोगशाला जांच में पानी में 1.16 मिलीग्राम प्रति लीटर हेक्सावेलेंट क्रोमियम और 1.20 मिलीग्राम प्रति लीटर कुल क्रोमियम पाया गया।
पानी में सीसा, पारा, आर्सेनिक, कैडमियम, एंटीमनी और सेलेनियम जैसी जहरीली भारी धातुओं की मौजूदगी भी सामने आई है।
जांच रिपोर्ट में पानी का pH स्तर 1.82, COD 8,200 और BOD 3,280 मिलीग्राम प्रति लीटर दर्ज किया गया है।
Godavari River Pollution: नासिक जिले के अंबड औद्योगिक क्षेत्र में भूजल और सतही जल मेंं पाए जाने का मामला अभी चर्चा में ही था कि अब सातपुर एमआईडीसी में भी रासायनिक प्रदूषण का गंभीर मामला सामने आया है। सातपुर के प्लॉट क्रमांक एसएस-51 स्थित एक औद्योगिक इकाई से बिना उपचार किया गया पीले रंग का रासायनिक अपशिष्ट जल प्राकृतिक नाले के किनारे खोदे गए कच्चे गड्ढे में पाइप के जरिए छोड़े जाने का खुलासा हुआ है।
प्रयोगशाला की जांच में पानी में हेक्सावेलेंट क्रोमियम के साथ सीसा, पारा, आर्सेनिक और कैडमियम जैसी जहरीली भारी धातुएं पाई गई हैं। मामले में महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने संबंधित कंपनी को क्लोजर नोटिस जारी कर इकाई बंद कर दी है।
गोदावरी प्रदूषण के मुद्दे पर उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर करने वाले रोशन केदार ने संबंधित अपशिष्ट जल के नमूने एकत्र किए थे। इन्हें अश्वमेध इंजीनियर्स एंड कंसल्टेंट्स नामक मान्यताप्राप्त प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया। 7 नवंबर को लिए गए नमूनों की रिपोर्ट 14 नवंबर को प्राप्त हुई। रिपोर्ट के अनुसार, पानी में हेक्सावेलेंट क्रोमियम की मात्रा 1.16 मिलीग्राम प्रति लीटर और कुल क्रोमियम की मात्रा 1.20 मिलीग्राम प्रति लीटर दर्ज की गई।
पानी का पीएच स्तर महज 1.82 पाया गया, जो अत्यधिक अम्लीयता को दर्शाता है। प्रयोगशाला रिपोर्ट में पानी में सीसा 0.087, कैडमियम 0.023, आर्सेनिक 0.016, पारा 0.013, एंटीमनी 0.052 और सेलेनियम 0.031 मिलीग्राम प्रति लीटर पाया गया है। इसके अलावा रासायनिक ऑक्सीजन मांग (सीओडी) 8,200 और जैविक ऑक्सीजन मांग (बीओडी) 3,280 मिलीग्राम प्रति लीटर दर्ज की गई है। इनका उच्च स्तर पानी की गुणवत्ता और जलीय जीवन के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
सातपुर क्षेत्र के प्राकृतिक नाले आगे जाकर गोदावरी नदी में मिलते हैं। ऐसे में नाले के किनारे जमीन में रासायनिक अपशिष्ट जल छोड़ने से भूजल और नदी के पानी की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है। आगामी सिंहस्थ कुंभमेला 2027 के मद्देनजर यह मामला और महत्वपूर्ण हो गया है। देशभर से लाखो श्रद्धालुओं के नासिक पहुंचने की संभावना है। ऐसे में गोदावरी को प्रदूषण से बचाना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है।
प्रयोगशाला रिपोर्ट सामने आने के बाद महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने संबंधित औद्योगिक इकाई के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्लोजर नोटिस जारी किया और इकाई बंद कर दी। हालांकि, अपशिष्ट जल छोड़ने की पूरी प्रक्रिया, प्रदूषण के संभावित प्रभाव और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की विस्तृत जांच की जरूरत है।
हेक्सावेलेंट क्रोमियम: 1.16
कुल क्रोमियम: 1.20
सीसा: 0.087
कैडमियम: 0.023
आर्सेनिक: 0.016
पारा: 0.013
एंटीमनी: 0.052
सेलेनियम: 0.031
सीओडी:8,200
बीओडी:3,280
पीएच स्तर:1.82