नासिक सिंहस्थ कुंभ: 25,000 करोड़ से बदलेगी शहर की सूरत, मंत्री गिरीश महाजन ने RSS के साथ की खास बैठक

Nashik Kumbh 2027: नासिक कुंभमेले की तैयारियों को लेकर मंत्री गिरीश महाजन ने समीक्षा बैठक की। 25,000 करोड़ के विकास कार्यों और पहली बार RSS स्वयंसेवकों के साथ खास रणनीति पर चर्चा हुई।
RSS participation in Nashik Kumbh Mela 2027 review meeting by Girish Mahajan
मंत्री गिरीश महाजन व आरएसएस (कॉन्सेप्ट फोटो)
Published on
Updated on

RSS Role In Nashik Kumbh: महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित होने वाले सिंहस्थ कुंभ की तैयारियाें की मंत्री गिरीश महाजन ने नासिक शहर का दौरा कर समीक्षा की तथा विभिन्न शासकीय, सामाजिक और उद्घाटन कार्यक्रमों में भाग लिया। कुंभमेले की पृष्ठभूमि में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति, नियोजन और विभागों के बीच समन्वय पर उन्होंने विशेष जोर दिया।

दौरे के दौरान मंगलवार सुबह 11 बजे भोसला मिलिट्री स्कूल में कुंभ मेला प्राधिकरण की ओर से एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की खास बात यह रही कि पहली बार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों के साथ कुंभ मेले की तैयारियों पर विस्तृत संवाद किया गया। प्रयागराज में आयोजित कुंभ मेले में कार्य कर चुके स्वयंसेवकों ने अपने अच्छे और चुनौतीपूर्ण अनुभव साझा करते हुए व्यवस्थापन से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए। स्वयंसेवकों के अनुभवों की अलग से समीक्षा किए जाने के कारण यह बैठक विशेष रूप से चर्चा में रही। बैठक में कुंभ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रवीण गेडाम, आयुक्त शेखरसिंह, जिलाधिकारी आयुष प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

प्रशासन, स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिकों के बीच समन्वय पर जोर

बैठक में राज्य सहित देशभर से आए विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इनमें विश्व हिंदू परिषद, वनवासी कल्याण आश्रम और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सहित कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने कुंभ मेला व्यवस्थापन को लेकर सुझाव प्रस्तुत किए। नासिक कुंभमेले की योजना के लिए स्वयंसेवकों के साथ इस प्रकार की बैठक पहली बार आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई। स्वयंसेवकों के साथ हुए संवाद सत्र में पत्रकारों को प्रवेश नहीं दिया गया, जिससे यह बैठक शहर में चर्चा का विषय बनी रही। कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन, स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर राज्य सरकार विशेष ध्यान दे रही है। इसी दृष्टि से मंत्री गिरीश महाजन का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मेले में नागरिकों को किसी प्रकार की न हो असुविधा

नासिक सिंहस्थ कुंभ से संबंधित विकास कार्यों की समीक्षा के लिए अलग से नियोजन बैठक भी आयोजित की गई। राज्य सरकार ने आगामी कुंभ मेले के लिए लगभग 25 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की है, जिनमें से कई परियोजनाएं शुरू हो चुकी हैं। मंत्री महाजन ने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए तथा विकास कार्यों के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा। बैठक में यातायात प्रबंधन, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, श्रद्धालुओं के लिए आवास, स्वास्थ्य सुविधाएं तथा सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।

कुंभ मेले के दौरान स्वयंसेवकों की भूमिका अहम रहने वाली है और उनके सहयोग से व्यवस्थापन अधिक प्रभावी होगा, ऐसा विश्वास भी व्यक्त किया गया। दौरे के दौरान मंत्री महाजन ने शहर के नव-निर्वाचित मराठी नगरसेवकों के एक विशेष कार्यक्रम में भी भाग लिया तथा एक आधुनिक दंत चिकित्सालय का उद्घाटन किया। दौरे के अंतिम चरण में सातपुर एमआईडीसी स्थित निसर्ग संवर्धन केंद्र में एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com