सेंट्रल जेल में कैदी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में था बंद

Nashik Road Central Jail: नाशिक रोड सेंट्रल जेल में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में बंद कैदी शिवदास भालेराव ने फांसी लगाकर आत्महत्या की। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है।
Nashik Road Central Jail
सेंट्रल जेल
Published on: 
Updated on: 

Nashik News: नाशिक रोड स्थित मध्यवर्ती कारागृह में सजा काट रहे एक कैदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. यह चौंकाने वाली घटना रविवार 26 अक्टूबर की दोपहर के आसपास सामने आई. मृतक कैदी का नाम शिवदास भालेराव (उम्र 58, कैदी क्रमांक यूटी-802) था. सिन्नर तहसील का निवासी भालेराव, एक नाबालिग लड़की से बलात्कार के मामले में गिरफ्तार हुआ था. उसे न्यायिक हिरासत सुनाई गई थी और वह जून 2024 से नाशिक रोड सेंट्रल जेल में बंद था.

रविवार दोपहर के आसपास भालेराव ने जेल के एक स्थान पर किसी चीज की मदद से फांसी लगा ली. जेल प्रशासन को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, उन्होंने तत्काल उसे नीचे उतारा और सवा तीन बजे के करीब सरकारी जिला अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

इस घटना की नाशिक रोड पुलिस स्टेशन में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है. आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस और जेल प्रशासन मामले की गहन जांच कर रहे हैं. इस घटना से नाशिक रोड सेंट्रल जेल में हड़कंप मच गया है. गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही नाशिक रोड सेंट्रल जेल के कुछ कैदियों का सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते हुए नशीले पदार्थों का सेवन करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.

इस वीडियो में मिट्टी की चिलम का उपयोग करके नशीले पदार्थ पीते हुए कैदी दिखाई दे रहे थे. कैदियों द्वारा मोबाइल फोन पर शूट किए गए रील्स भी वायरल हुए थे, जिससे जेल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े हुए थे. इस मामले पर संज्ञान लेते हुए नासिक रोड पुलिस ने 5 से 6 कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था.

जांच में यह सामने आया था कि वीडियो पिछले साल के थे, लेकिन इतनी गंभीर घटना के बावजूद जेल प्रशासन द्वारा एक साल तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी, जिसने प्रशासन की भूमिका पर कई प्रश्नचिह्न खड़े किए थे.

Navbharat Live
navbharatlive.com