Bullet Train से जुड़ेगा नासिक, बनेगा सुवर्ण त्रिकोण, जापान सरकार के सहयोग से मिलेगी प्रोजेक्ट को रफ्तार

Nashik Economic Growth: बुलेट ट्रेन से जुड़ेगा नाशिक, फीडर कनेक्टिविटी के जरिए मुंबई, पुणे और हैदराबाद से जुड़ने का रास्ता साफ, जापान सरकार की सहयोग से परियोजना को मिली गति से बनेगा सुवर्ण त्रिकोण।
nashik bullet train project high speed rail connectivity economic growth
बुलेट ट्रेन (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bullet Train Connectivity: नासिक-पुणे हाई-स्पीड रेलवे परियोजना के ठंडे बस्ते में जाने के बाद, अब जापान की पहल पर बुलेट ट्रेन परियोजना को बड़ी गति मिलने जा रही है। जापान सरकार के सहयोग से चल रही अहमदाबाद-मुंबई-पुणे-हैदराबाद हाई-स्पीड रेलवे (बुलेट ट्रेन) परियोजना से अब नासिक को भी जोड़ा जाएगा। इस परियोजना के मुख्य मार्ग को नाशिक फीडर कनेक्टिविटी के माध्यम से जोड़ा जाएगा। इस हाई-स्पीड कॉरिडोर के निर्माण से राज्य में ठाणे-पुणे-नाशिक का एक नया आर्थिक सुवर्ण त्रिकोण आकार लेगा। इस परियोजना के साकार होने पर नाशिक के नागरिकों के लिए मुंबई, पुणे और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों का सफर महज डेढ़ से दो घंटे में तय करना संभव हो सकेगा।

जापानी शिष्टमंडल के साथ उच्च स्तरीय बैठक

जापान इंटरनेशनल को-ऑपरेशन एजेंसी और ‘एसोसिएशन ऑफ फ्रेंड्स ऑफ जापान’ की पहल पर नासिक को हाई-स्पीड रेलवे नेटवर्क से जोड़ने के प्रस्ताव पर शुक्रवार 29 मई को महा नगर पालिका के प्रभारी आयुक्त अमित रंजन के साथ एक उच्च स्तरीय जापानी सलाहकार टीम की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। जापानी प्रतिनिधिमंडल ने बैठक के दौरान नाशिक को अहमदाबाद, मुंबई, हैदराबाद बुलेट ट्रेन परियोजना से जोड़ने वाले प्रस्ताव का एक विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना से नासिक का न केवल परिवहन तंत्र सुधरेगा, बल्कि इसका पूरा आर्थिक चक्र बदल जाएगा। इस विस्तार परियोजना का सीधा और बड़ा लाभ नाशक को मिलने जा रहा है।

कृषि, उद्योग और पर्यटन को लगेगा पंख

इस नई कनेक्टिविटी का सबसे बड़ा लाभ नासिक के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, वाइन टूरिज्म, औद्योगिक कॉरिडोर और तीव्र माल ढुलाई को होगा। इसके अलावा, यात्रियों और पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि होने से नासिक के होटल, रिसॉर्ट, रेस्तरां और स्थानीय गाइड के व्यवसाय में बड़े पैमाने पर वित्तीय कारोबार बढ़ेगा। इसके साथ ही, अंगूर, प्याज और अन्य जल्द खराब होने वाले कृषि उत्पादों को देश के बड़े बाजारों तक बेहद कम समय में पहुंचाया जा सकेगा, जिससे नासिक के किसानों की आर्थिक समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा।

अहमदाबाद-मुंबई-हैदराबाद विस्तारित बुलेट ट्रेन को नाशिक फीडर कनेक्टिविटी से जोड़ने की योजना से बन रहा ‘ठाणे, पुणे, नाशिक’ का यह नया त्रिकोणीय क्षेत्रीय विकास मॉडल नाशिक महा नगर पालिका की सीमा और पूरे जिले में आर्थिक क्रांति लाने की क्षमता रखता है। इससे नासिक के बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास को एक नई चमक मिलने की प्रबल संभावना पैदा हो गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com