प्राजक्त तनपुरे ने थामा भाजपा का दामन, शरद पवार की NCP को लगा बड़ा झटका

Political News: राकां (शरद पवार) गुट के पूर्व मंत्री प्राजक्त तनपुरे भाजपा में शामिल हो गए। उनके इस कदम को महाविकास आघाड़ी और शरद पवार खेमे के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।
prajakt tanpure joins bjp big jolt to sharad pawar group
प्राजक्त तनपुरे का पार्टी में स्वागत करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण (सोर्सः X / @RaviDadaChavan)
Published on
Updated on

Prajakt Tanpure Joins Bjp: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री प्राजक्त तनपुरे ने शनिवार को भाजपा का दामन थाम लिया। उनके भाजपा में शामिल होने को शरद पवार गुट के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। मुंबई में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, पूर्व सांसद सुजय विखे पाटिल तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में प्राजक्त तनपुरे ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पिछले कई महीनों से उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं, जिन्हें अब विराम मिल गया है।

भाजपा में शामिल होने के बाद प्राजक्त तनपुरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल और भाजपा नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि 'उनके विधानसभा क्षेत्र के किसानों और आम लोगों की बिजली, पानी तथा विकास से जुड़ी समस्याओं का समाधान होना उनकी प्राथमिकता है।' उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी भविष्य में जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा में शामिल होने के बाद प्राजक्त तनपुरे को अहिल्यानगर स्थानीय स्वराज्य संस्था निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद का उम्मीदवार बनाया जा सकता है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

प्राजक्त का भाजपा में जाना हमारे लिए झटका : जयंत

राकांपा (शरद गुट) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल ने कहा कि 'प्राजक्त तनपुरे के भाजपा में शामिल होने की जानकारी मिली है। इस संबंध में मेरी उनसे कोई बातचीत नहीं हुई है। उनका भाजपा में जाना हमारे लिए निश्चित रूप से एक झटका है।' जयंत पाटिल ने कहा कि 'उन्हें लगता है कि प्राजक्त तनपुरे ने अपने विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया होगा।' साथ ही उन्होंने बताया कि इस विषय में उन्होंने अभी तक प्राजक्त तनपुरे से कोई संपर्क नहीं किया है।

सुजय विखे पाटिल ने दिए थे संकेत

प्राजक्त तनपुरे का भाजपा की ओर झुकाव उस समय चर्चा में आया था, जब उन्होंने राहुरी विधानसभा उपचुनाव से अंतिम समय में अपना नाम वापस ले लिया था। उस फैसले के बाद राकां (शरद गुट) को नया उम्मीदवार उतारना पड़ा था। उस दौरान भाजपा नेताओं और तनपुरे के बीच कई दौर की बातचीत की भी चर्चा रही थी। इससे पहले पूर्व सांसद सुजय विखे पाटिल ने भी संकेत दिए थे कि अहम राजनीतिक चेहरे भाजपा में शामिल होने वाले हैं। तनपुरे के भाजपा में आने से अहिल्यानगर जिले की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना है। वहीं, विधान परिषद चुनाव से पहले यह घटनाक्रम महायुति के लिए मजबूती और शरद पवार गुट के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com