नासिक के बाबा अशोक खरात का दुबई कनेक्शन आया सामने, SIT जांच में बड़ा खुलासा, हवाला के जरिए विदेश भेजा काला धन

Ashok Kharat Case: नासिक के स्वयंभू बाबा अशोक खरात की मुश्किलें बढ़ीं। SIT जांच में अंतरराष्ट्रीय हवाला रैकेट और दुबई से जुड़े तारों का पर्दाफाश हुआ है। 100 से ज्यादा पीड़ितों ने दर्ज कराई शिकायत।
Ashok Kharat
अशोक खरात (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Ashok Kharat Hawala Racket: नासिक का स्वयंभू ‘कैप्टन’ और बाबा अशोक खरात के कारनामों की परतें अब महाराष्ट्र से बाहर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचती दिख रही हैं। विशेष जांच दल (SIT) की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि खरात कथित तौर पर बड़े पैमाने पर हवाला रैकेट चला रहा था और काला धन विदेश भेजने में शामिल था।

दुबई तक पहुंची जांच की कड़ियां

सूत्रों के अनुसार, खरात के हवाला नेटवर्क के तार सीधे दुबई से जुड़े हुए हैं। भारत से दुबई और फिर वहां से वापस भारत में बड़े पैमाने पर पैसों का लेन-देन उसके जरिए किया जा रहा था। एसआईटी को मिले प्राथमिक सबूतों से संकेत मिलते हैं कि इस काम के लिए उसने निजी एजेंट्स और अवैध चैनलों का इस्तेमाल किया।

नेताओं और अधिकारियों का ‘संरक्षण’?

जांच में यह भी सामने आया है कि इस कथित अवैध कारोबार को सुचारू रूप से चलाने के लिए उसे कुछ प्रभावशाली भक्तों, राजनीतिक हस्तियों और भ्रष्ट सरकारी अधिकारियों का संरक्षण प्राप्त था। इसी वजह से यह नेटवर्क लंबे समय तक बिना किसी बाधा के चलता रहा।

डायरी, डिजिटल डेटा और बैंक ट्रांजैक्शन मिले

एसआईटी को अशोक खरात से जुड़ी डायरी, डिजिटल रिकॉर्ड और बैंक लेन-देन के अहम दस्तावेज हाथ लगे हैं। इनसे संकेत मिलता है कि मामला विदेशी मुद्रा कानून (एफईएमए) के उल्लंघन से जुड़ा हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के भी जांच में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

शिकायतों की बाढ़, 100 से ज्यादा लोग सामने आए

खरात के खिलाफ खुलासों के बाद एसआईटी हेल्पलाइन पर शिकायतों का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है। अब तक 100 से ज्यादा शिकायतें मिली हैं, जिनमें करीब 70 प्रतिशत महिलाएं हैं। हालांकि, कई लोग सामाजिक बदनामी या डर के कारण लिखित शिकायत दर्ज कराने से हिचकिचा रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए एसआईटी अधिकारियों ने पीड़ितों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए आगे आने की अपील की है, ताकि इस पूरे मामले में ठोस सबूत जुटाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com