नासिक मनपा का बड़ा फैसला: विश्व बैंक की मदद से शहर में लगेंगे 2.5 लाख स्मार्ट वाटर मीटर, राजस्व घाटा होगा कम

Nashik Smart Water Meter: नासिक नगर निगम विश्व बैंक की आर्थिक सहायता से शहर में 2.5 लाख स्मार्ट एएमआर वाटर मीटर लगाएगा। इससे पानी बिल की बकाया वसूली आसान होगी और 27 करोड़ का राजस्व घाटा कम होगा।
Nashik Municipal Corp to install 2.5 lakh smart AMR water meters with World Bank aid to tackle 27 crore annual revenue loss and ensure transparent automated billing.
विश्व बैंक (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nashik Municipal Corporation: नासिक नगर निगम ने शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को आधुनिक बनाने और राजस्व घाटे को कम करने के लिए एक महत्वाकांक्षी निर्णय लिया है। मनपा अब पूरे शहर में चरणवद्ध तरीके से लगभग 2.5 लाख स्वचालित जलमापक (ऑटोमैटिक मीटर रीडर) लगाने की तैयारी कर रही है। इस परियोजना के लिए विश्व बैंक से आर्थिक सहायता ली जाएगी, जिसका प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जा चुका है।

राजस्व घाटा और बकाया वसूली का लक्ष्य

वर्तमान में नासिक नगर निगम को पानी के बिलों से मिलने वाले राजस्व और सिस्टम के रखरखाव पर होने वाले खर्च के बीच बड़ा अंतर है। नगर निगम को हर साल करीब 27 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। हर में लगभग 250 करोड़ रुपये की पानी बिल बकाया राशि अटकी हुई है, जिसे वसूलने के लिए यह स्मार्ट मीटर प्रणाली एक प्रभावी माध्यम साबित होगी। नौ साल पहले हुए एक सर्वे में खुलासा हुआ था कि शहर का लगभग 44 प्रतिशत पानी बिना किसी रिकॉर्ड के इस्तेमाल हो रहा है।

क्या है 'स्मार्ट एएमआर' प्रणाली ?

यह नई प्रणाली मानवीय हस्तक्षेप को पूरी तरह खत्म कर देगी। इन मीटरों में एक विशेष कम्युनिकेशन मॉड्यूल होगा, जो रेडियो फ्रीक्वेंसी, जीएसएम, जीपीआरएस या पावर लाइन कम्युनिकेशन के माध्यम से सटीक रीडिंग सीधे मनपा के मुख्य सर्वर पर भेजेगा। इससे बिलिंग में धोखाधड़ी की संभावना समाप्त हो जाएगी और नागरिकों को सही बिल प्राप्त होगा।

पुराने मीटरों को हटाकर जल्द लगेंगे नए मीटर

राज्य सरकार से फंड को मंजूरी मिलते ही शहर में युद्ध स्तर पर पुराने और खराब मीटरों को हटाकर नए 'स्मार्ट एएमआर मीटर' लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मनपा प्रशासन को विश्वास है कि इस पारदर्शी व्यवस्था से राजस्व में भारी वृद्धि होगी और जलापूर्ति प्रणाली सुचारू हो सकेगी।

नासिक शहर में नल कनेक्शनों की वर्तमान स्थिति श्रेणी

श्रेणी कुल संख्या
कुल नल कनेक्शन 2,40,170
अच्छी और सुचारू स्थिति में मीटर 74,463
रीडिंग स्पष्ट न दिखने वाले मीटर 21,457
जमीन के नीचे दबे मीटर 20,546
पूरी तरह बंद मीटर 20,154
बिना मीटर वाले नल कनेक्शन 15,967
फोटो न ले पाने योग्य मीटर 19,526
मीटर चेकिंग के दौरान बंद घर 18,578
मलबे या चेंबर में दबे मीटर 4,123
काटे गए नल कनेक्शन 2,207
चोरी हुए पानी के मीटर 1,437
संशोधित जलमापक 367
अस्थायी बंद मीटर 2,165
रिस्पॉन्स न मिलने वाले कनेक्शन 37,000
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com