

Prakash Waje Claims 150 Crore Offer: महाराष्ट्र में चल रहे कथित ‘ऑपरेशन टाइगर’ के बीच नासिक से उद्धव ठाकरे गुट के सांसद राजाभाऊ वाजे के पिता प्रकाश वाजे ने एक सनसनीखेज खुलासा किया है। उन्होंने दावा किया कि ठाकरे की पार्टी छाेड़ने के लिए उनके बेट के 150 करोड़ का ऑफर मिला था।
नासिक से शिवसेना (यूबीटी) के सांसद राजाभाऊ वाजे के पिता प्रकाश वाजे ने दावा करते हुए कहा कि उद्धव ठाकरे की पार्टी छोड़ने के बदले उनके बेटे को 50 करोड़ रुपये नकद और उनके संसदीय क्षेत्र के लिए 100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की पेशकश की गई थी। प्रकाश वाजे के अनुसार, पिछले तीन-चार महीनों से उद्धव गुट के सांसदों को तोड़ने की कोशिशें की जा रही हैं। 14 अप्रैल को कुछ लोग राजाभाऊ वाजे के घर आए थे। उस दौरान उन्होंने प्रस्ताव दिया कि यदि राजाभाऊ पार्टी छोड़ देते हैं, तो उन्हें 50 करोड़ रुपये नकद दिए जाएंगे और उनके क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी जाएगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव को उन्होंने और राजाभाऊ ने सख्ती से ठुकरा दिया।
प्रकाश वाजे ने कहा कि मैंने राजाभाऊ को साफ शब्दों में कह दिया था कि किसी भी परिस्थिति में पार्टी नहीं छोड़नी है। हम पेशेवर राजनेता नहीं हैं। शिवसेना ने हमें विधायक और सांसद बनने का अवसर दिया है। इसलिए हम उद्धव ठाकरे के साथ ही रहेंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी के सांसदों को अपने पाले में लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन वे अपनी राजनीतिक निष्ठा से समझौता नहीं करेंगे।
बता दें कि शिवसेना (यूबीटी) के 9 में से 6 लोकसभा सांसदों के पाल बदलने की अटकलें चल रही है। इसमें 6 सांसदों में राजाभाऊ वाजे का भी नाम शामिल था। हालांकि आज दिल्ली में संजय राउत के आधिकारिक आवास पर हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजाभाऊ भी मौजूद थे। उन्होंने इस दौरान उद्धव ठाकरे के साथ ही रहने का ऐलान किया।
नासिक सांसद राजाभाऊ वाजे ने स्पष्ट किया कि वह एकनाथ शिंदे से मिलने दिल्ली नहीं आए हैं बल्कि कमेटी मीटिंग के लिए आए हैं। उन्हें सांसदों के शिवसेना में शामिल होने के मामले में कुछ मालूम नहीं है। सांसद राजाभाऊ वाजे ने कहा कि मैं उद्धव ठाकरे के साथ हूं और उनके साथ ही रहूंगा। मेरा किसी और से कोई संपर्क नहीं है। मुझे कोई कॉल नहीं आया है। मैं नाराज नहीं हूं और शिवसेना (यूबीटी) साथ ही हूं।