महाराष्ट्र में प्याज की कीमतों में गिरावट, छगन भुजबल ने सीएम से उच्चस्तरीय बैठक की मांग की

Nashik Onion Farmers Crisis: महाराष्ट्र में प्याज की कीमतों में भारी गिरावट से नाशिक के किसान चिंतित हैं। मंत्री छगन भुजबल ने मुख्यमंत्री से इस मुद्दे पर तत्काल उच्चस्तरीय बैठक बुलाने की मांग की है।
Chhagan Bhujbal
छगन भुजबल (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Maharashtra Onion Price Fall In Nashik: महाराष्ट्र में प्याज की कीमतों में आई भारी गिरावट ने नाशिक जिले के उत्पादक किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री छगन भुजबल ने इस मुद्दे पर गंभीरता दिखाते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर तत्काल एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाने की मांग की है।

मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में भुजबल ने उल्लेख किया कि नाशिक जिला राज्य का सबसे बड़ा प्याज उत्पादक क्षेत्र है। यहां के हजारों किसानों की आजीविका पूरी तरह से प्याज की फसल पर निर्भर है। ऐसे में कीमतों में तेज गिरावट का सीधा असर किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है।

स्थिर रही प्याज की बाजार दरें

पत्र में बताया गया है कि जनवरी महीने से प्याज की बाजार दरें लगभग 1000 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास स्थिर थीं, लेकिन हाल के दिनों में दाम इससे भी नीचे चले गए हैं। किसानों का कहना है कि मौजूदा दरें उत्पादन लागत की तुलना में बेहद कम हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

प्याज की कीमतों में उतार-चढ़ाव

विशेषज्ञों के अनुसार, प्याज की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर केवल नाशिक तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे महाराष्ट्र के कृषि बाजार पर पड़ता है। लासलगांव जैसी प्रमुख कृषि मंडियों में भी कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे किसानों में असंतोष बढ़ रहा है।

किसानों के बढ़ते आंदोलनों और नाराजगी को देखते हुए मंत्री भुजबल ने राज्य सरकार से हस्तक्षेप की अपील की है। उन्होंने सुझाव दिया है कि बाजार हस्तक्षेप योजना, निर्यात प्रोत्साहन या न्यूनतम समर्थन मूल्य जैसे विकल्पों पर विचार किया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि राज्य सरकार इस मुद्दे पर कब और क्या कदम उठाती है। किसानों को उम्मीद है कि जल्द ही कोई ठोस निर्णय लिया जाएगा, जिससे उन्हें आर्थिक संकट से उबरने में मदद मिल सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com