भ्रष्टाचार पर शिकंजा: ACB ट्रैप में 988 रिश्वतखोर गिरफ्तार; नासिक टॉप पर

Nashik ACB Action: महाराष्ट्र में रिश्वतखोरी के मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। ACB के अनुसार नासिक विभाग भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई में राज्य में शीर्ष पर रहा है।
Crackdown on corruption: 988 bribe-takers arrested in ACB traps; Nashik tops the list
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Maharashtra ACB Hindi News: नासिक महाराष्ट्र में रिश्वतखोरी के आधिकारिक आंकड़ों में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा रही है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक वर्ष में राज्य भर में कुल 669 जाल (ट्रैप) बिछाकर 988 रिश्वतखोरों को गिरफ्तार किया गया।

जांच के दौरान आय से अधिक संपत्ति के 9 मामले भी दर्ज किए गए हैं। विशेष रूप से पूरे राज्य में नासिक विभाग भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई में शीर्ष पर रहा है, जहां सर्वाधिक 138 मामले दर्ज किए गए और 210 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

गिरती संख्या पर उठ रहे सवाल, क्या रिश्वतखोर सतर्क हो गए

आंकड़ों के अनुसार, 2021 से 2023 के बीच ट्रैप की संख्या 700 से अधिक थी, जो 2024 में घटकर 683 और 2025 में 669 रह गई है। इस गिरावट ने विशेषज्ञों के - बीच यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या एसीबी के पास आने वाली शिकायतों में कमी आई है या रिश्वतखोर अब अधिक सतर्क हो गए हैं। आय से अधिक संपत्ति के मामलों की बात करें तो नांदेड में सर्वाधिक 4, जबकि मुंबई और पुणे में 2-2 मामले दर्ज हुए हैं।

निजी व्यक्तियों की संलिप्तता बढ़ी

एसीबी की रिपोर्ट में एक चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया है कि सरकारी कार्यों में रिश्वतखोरी के लिए निजी व्यक्तियों (बिचौलियों) का सहारा लिया जा रहा है। पकड़े गए 988 संदिग्धों ने लगभग 3.5 करोड़ रुपये की रिश्वत ली।

इसमें श्रेणी-1 के 68 अधिकारियों ने 1.31 करोड़ रुपये और श्रेणी-2 के 124 अधिकारियों ने करीब 81.9 लाख रुपये की रिश्वत ली। निजी व्यक्तियों के माध्यम से 18.59 लाख रुपये के लेनदेन का खुलासा हुआ है।

पिछले वर्षों का तुलनात्मक चार्ट

आंकड़ों का विश्लेषण करें तो वर्ष 2014 और 2015 में राज्य में 1200 से अधिक ट्रैप लगाए गए थे, जो पिछले एक दशक का उच्चतम स्तर था। वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के कारण यह संख्या गिरकर 630 रह गई थी। वर्तमान में यह आंकड़ा 2014 के मुकाबले लगभग आधा रह गया है।

परिक्षेत्र वार कार्रवाई का विवरण

परिक्षेत्र बिछाए गए जाल (ट्रैप) गिरफ्तार संदिग्ध
नासिक 138 210
पुणे 121 176
छत्रपति संभाजीनगर 109 160
ठाणे 82 124
अमरावती 71 100
नांदेड 55 78
नागपुर 54 78
मुंबई 39 62
कुल 669 988
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com