

Nashik IPL Ruckus RCB Win Celebration: आईपीएल फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ऐतिहासिक जीत के बाद नासिक में मनाया गया जश्न रविवार रात कानून-व्यवस्था की चुनौती में बदल गया। शहर के कॉलेज रोड क्षेत्र में बड़ी संख्या में जुटे युवकों के उत्पात और हंगामे को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।
मैच समाप्त होते ही शहर के विभिन्न इलाकों से सैकड़ों क्रिकेट प्रशंसक दुपहिया और चौपहिया वाहनों के साथ कॉलेज रोड पर पहुंच गए। शुरुआत में माहौल उत्सवपूर्ण था, लेकिन कुछ अति-उत्साही और शरारती तत्वों की हरकतों के कारण स्थिति बिगड़ने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जश्न के दौरान भीड़ की दिशा में पटाखों के रॉकेट छोड़े गए, जिससे वहां मौजूद लोग और स्थानीय नागरिक घबरा गए।
इसी दौरान मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और कुछ युवकों के बीच मारपीट शुरू हो गई। सड़क पर नाच-गाने, तेज शोर-शराबे और वाहनों की लंबी कतारों के कारण पूरे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था चरमरा गई। कई घंटों तक वाहन रेंगते रहे और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अपराध शोध दस्ता तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पहले युवकों को समझाने और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन हंगामा बढ़ने पर हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया गया। इसके बाद इलाके में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो सकी।
नासिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने वालों की पहचान की जा रही है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि उपद्रव में शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
घटना के बाद कॉलेज रोड और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी जीत या उत्सव का जश्न जिम्मेदारी और शांति के साथ मनाएं, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो और कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।