

Nashik Petrol Shortage: नासिक जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति में आ रही गंभीर बाधाओं के चलते जिले के पेट्रोल पंप संचालक लामबंद हो गए हैं। नासिक जिला पेट्रोल डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि ईंधन की किल्लत से न केवल वाहन चालक, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के किसान और परिवहन क्षेत्र भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
एसोसिएशन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बताया कि कई पेट्रोल पंपों पर समय पर टैंकर नहीं पहुंच रहे हैं। स्थिति इतनी खराब है कि कई पंपों पर कुछ ही घंटों में ईंधन खत्म हो जाता है, जिससे लंबी कतारें लग रही हैं और उपभोक्ताओं में तनाव का माहौल है। डीलर्स ने ऑनलाइन 'कैपिंग सिस्टम' के कारण ईंधन की सीमित बिक्री पर भी गहरी नाराजगी जाहिर की है।
डीलर एसोसिएशन की मांग है कि यदि अंतरराष्ट्रीय कारणों से आपूर्ति प्रभावित है, तो प्रशासन जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करे। साथ ही, तेल कंपनियों, डीलरों और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाकर समाधान निकालने की जरूरत है। इस बीच, नासिक जिला आपूर्ति अधिकारी ने तेल कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों को प्राथमिकता दे और किसानों के लिए डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करें।