

Nashik 4.3 Magnitude Earthquake: नासिक सहित 10 तहसीलों के कुछ इलाकों में शनिवार रात करीब 10 बजे भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया। वहीं, रविवार सुबह 5:33 बजे भी 3.3 तीव्रता का एक और झटका महसूस किया गया। रात में आए भूकंप से कई घरों की दीवारों पर दरारें आई हैं।
गनीमत रही कि इससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार रात 10 बजकर 59 सेकंड पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4।3 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र जमीन के करीब 5 किलोमीटर नीचे था। मेरी, नासिक से प्राप्त जानकारी के अनुसार भूकंप की तीव्रता 4.1 एमजी दर्ज की गई है।
भूकंप के झटके से नासिक, दिंडोरी सहित जिले की 10 तहसीलों के कुछ इलाकों में नागरिकों में कुछ समय के लिए भय का माहौल बन गया। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जिले में कहीं भी जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
नासिक सहित दिंडोरी, पेठ, सुरगाणा, कलवण, निफाड, बागलाण, चांदवड, देवला और सिन्नर तहसीलों के विभिन्न इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। कुछ स्थानों पर झटके हल्के थे, लेकिन अचानक धरती हिलने से नागरिकों में भय का माहौल बन गया।
बांधों की सुरक्षा को नुकसान नहीं
भूकंप की पृष्ठभूमि में पालखेड सिंचाई विभाग के बाढ़ नियंत्रण एवं आपदा प्रबंधन कक्ष ने जिले के बांधों की सुरक्षा की समीक्षा की। भूकंप के केंद्र से करंजवण बांध 22 किलोमीटर, ओझरखेड़ 34 किलोमीटर और वाघाड बांध 35 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
भूकंप के बाद संबंधित बांधों के अभियंताओं ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया, प्रशासन ने स्पष्ट किया कि करंजवाण, पालखेड, ओझरखेड़, वाघाड, तिसगांव और पुणेगांव बांध सुरक्षित हैं और इन बांधों को किसी प्रकार का खतरा नहीं है।
बांध अभियंताओं को लगातार बांधों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से घबराने के बजाय सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से पत्थर-मिट्टी से बने कच्चे मकानों में रहने वाले नागरिकों को अधिक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दोबारा झटके आने पर खुले स्थान पर जाएं
भूकंप के दोबारा झटके महसूस होने पर नागरिक घबराएं नहीं और तत्काल सुरक्षित खुले स्थान पर चले जाए। किसी भी अफवाह पर विश्वास न करे। व्हाट्सऐप, फेसबुक अथवा अन्य सामाजिक माध्यमों पर अपुष्ट या गलत जानकारी प्रसारित न करने की अपील प्रशासन ने की है। नागरिक केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।