

Nashik Central Railway Local Upgrade: नासिक मध्य रेलवे ने अंबरनाथ, बदलापुर और कर्जत क्षेत्र के यात्रियों को राहत देते हुए 20 जुलाई से मुख्य मार्ग पर चलने वाली 12 डिब्बों की 10 उपनगरीय लोकल ट्रेनों को 15 डिब्बों के रेक में परिवर्तित करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
इस निर्णय का सीधा लाभ फिलहाल मुंबई उपनगर के यात्रियों को मिलेगा, लेकिन इसका सकारात्मक प्रभाव नासिक जिले पर भी पड़ने की संभावना है। क्योंकि मध्य रेलवे ने भविष्य में कसारा मार्ग पर भी 15 डिब्बों वाली लोकल सेवाएं शुरू करने के संकेत दिए हैं। यदि यह योजना अमल में आती है, तो मुंबई जाने वाले हजारों नासिकवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
वर्तमान में नासिक से मुंबई जाने वाले बड़ी संख्या में यात्री कसारा मार्ग से यात्रा करना अधिक सुविधाजनक मानते हैं। नासिक रोड स्टेशन से मुंबई के लिए कई एक्सप्रेस और मेल ट्रेनें उपलब्ध है, लेकिन उनमें आरक्षण मिलना आसान नहीं होता।
वहीं तत्काल टिकट और अनारक्षित डिब्बों में भी भारी भीड़ रहती है। ऐसे में अनेक यात्री अपने निजी वाहन या बस से पहले कसारा पहुंचते हैं और वहां से लोकल ट्रेन के माध्यम से ठाणे, कल्याण, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस तथा मुंबई के अन्य क्षेत्रों तक सफर करते हैं।
कसारा स्टेशन पर सुबह और शाम के समय लोकल ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ होने के कारण यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने तक में कठिनाई होती है। महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को प्रतिदिन भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यदि कसारा मार्ग पर भी 15 डिब्बों वाली लोकल शुरू होती है, तो प्रत्येक फेरी में अधिक यात्री सफर कर सकेंगे और भीड़ में उल्लेखनीय कमी आएगी।
विशेष रूप से नासिक के नौकरीपेशा कर्मचारी, औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े कामगार, विद्यार्थी, व्यापारी तथा मुंबई हवाई अड्डे तक जाने वाले यात्री बड़ी संख्या में इस मार्ग का उपयोग करते हैं, लोकल ट्रेनों की क्षमता बढ़ने से उनका सफर अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और समय की बचत करने वाला साबित होगा।
मुख्य मार्ग पर 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के निर्णय को कसारा मार्ग पर भविष्य में इसी सुविधा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे नासिकवासियों की उम्मीदें बढ़ गई है और कसारा मार्ग पर भी जल्द से जल्द 15 डिब्बों वाली लोकल सेवाएं शुरू करने की मांग फिर तेज हो गई है।
यदि यह योजना लागू होती है, तो नासिक और मुंबई के बीच प्रतिदिन यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और उनका सफर पहले की तुलना में कहीं अधिक आरामदायक होगा।