नासिक 'बारा बंगला' फिल्ट्रेशन प्लांट का काम अधूरा होने पर विधायक देवयानी फरांदे सख्त, दिन-रात काम के निर्देश

Nashik water supply: नासिक के बारा बंगला में स्मार्ट सिटी के तहत निर्माणाधीन फिल्ट्रेशन प्लांट का काम अधूरा रहने पर विधायक देवयानी फरांदे ने नाराजगी जताई और दिसंबर 2026 तक काम पूरा करने के निर्देश दिए
MLA Devyani Farande inspected the delayed Bara Bangla filtration plant in Nashik. She ordered round-the-clock shifts to complete the project by December 2026.
फिल्ट्रेशन प्लांट बनाने की योजना (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nashik Water crisis: नासिक शहर के प्रभाग क्रमांक 7, 12 और 13 के नागरिकों को पर्याप्त और शुद्ध पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गंगापुर बांध से पानी लाकर 'बारा बंगला' क्षेत्र में एक अत्याधुनिक फिल्ट्रेशन प्लांट बनाने की योजना तैयार की गई थी। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए स्मार्ट सिटी मिशन के तहत वर्ष 2022 में ही वर्क ऑर्डर जारी कर दिए गए थे। हालांकि, लंबा समय बीत जाने के बाद भी यह प्रोजेक्ट अधूरा रहने के कारण स्थानीय नागरिकों को कृत्रिम जल संकट का सामना करना पड़ रहा है।

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए विधायक देवयानी फरांदे ने बारा बंगला स्थित फिल्टरेशन प्लांट के निर्माण कार्य का जमीनी स्तर पर (प्रत्यक्ष) निरीक्षण किया। काम की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को काम की रफ्तार बढ़ाने और दिन के साथ-साथ रात के समय भी शिफ्ट में काम जारी रखने के कड़े निर्देश दिए।

अब किसी भी तरह का नहीं चलेगा बहाना

निरीक्षण के दौरान विधायक देवयानी फरांदे ने कहा कि प्रभाग 7, 12 और 13 के निवासी पिछले कई दिनों से कम पानी की आपूर्ति के कारण बेहद परेशान है। स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत आने वाला यह एक बेहद महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है, लेकिन प्रशासनिक और तकनीकी ढलाई की वजह से इसका काम अटका हुआ था।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि संबंधित विभाग और एजेंसियां अब किसी भी तरह का बहाना न बनाएं और इस कार्य को युद्ध स्तर पर पूरा करें। विधायक फरांदे के कडे रुख को देखते हुए  नासिक शहर जल आपूर्ति विभाग के अधीक्षक अभियंता धारणकर ने आश्वासन दिया कि प्रोजेक्ट की गति बढ़ाने के लिए अगले तीन दिनों तक दिन-रात लगातार काम चलाया जाएगा।

हजारों परिवारों को मिलेगा पर्याप्त पानी

इसके साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी दिसंबर 2026 तक इस अत्याधुनिक फिल्ट्रेशन प्लांट को पूरी तरह से शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरे के समय नासिक के पूर्व महापौर विनायक पांडे, नगरसेवक बबलू शेलार, शहर अभियंता अग्रवाल, स्मार्ट सिटी के सीईओ सुमंत मोरे, कार्यकारी अभियंता गणेश मैड, निकम के साथ जल आपूर्ति विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

इसके अलावा प्रोजेक्ट अधिकारी आशीष सूर्यवंशी और नवीन पाटेकर भी उपस्थित रहे। इस नए फिल्ट्रेशन प्लांट के पूरी क्षमता से शुरू हो जाने के बाद प्रभाग 7, 12 और 13 के हजारों परिवारों को नियमित, स्वच्छ और पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी मिलने लगेगा। विधायक की इस त्वरित पहल के बाद क्षेत्र के नागरिकों ने राहत की सांस ली है और संतोष व्यक्त किया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com