Ashok Kharat Case: पाखंडी तांत्रिक अशोक खरात का काला साम्राज्य, 15वीं FIR दर्ज, अब तक करोड़ों का गबन
Ashok Kharat Case News: ढोंगी तांत्रिक अशोक खरात पर पुलिस का शिकंजा और कस गया है। नासिक में 15वीं FIR दर्ज होने के साथ ही ठाणे मनपा अधिकारी महेश अहेर का कनेक्शन भी सामने आया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
- Written By: गोरक्ष पोफली
अशोक खरात (सोर्स: सोशल मीडिया)
Ashok Kharat Case Update: आध्यात्म और तंत्र-मंत्र की आड़ में महिलाओं का यौन शोषण करने और करोड़ों की आर्थिक धोखाधड़ी करने वाले स्वघोषित तांत्रिक अशोक खरात की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। नासिक और मुंबई पुलिस द्वारा की जा रही संयुक्त कार्रवाई के बीच, खरात के खिलाफ अपराधों की सूची लंबी होती जा रही है। ताज़ा जानकारी के अनुसार, नासिक के सिन्नर पुलिस स्टेशन में खरात के खिलाफ 15वीं FIR दर्ज की गई है।
आर्थिक धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग का बड़ा जाल
अशोक खरात पर केवल धार्मिक भावनाओं से खेलने का ही आरोप नहीं है, बल्कि उसने एक संगठित तरीके से आर्थिक अपराधों को भी अंजाम दिया है। सिन्नर में दर्ज ताजा मामले के मुताबिक, खरात ने जगदंबा ग्रामीण नॉन-एग्रीकल्चर क्रेडिट सोसायटी में सेंधमारी की। आरोप है कि उसने फर्जी बैंक खाते खोलकर संस्था के साथ करीब 57.90 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने न केवल खरात, बल्कि क्रेडिट सोसायटी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के खिलाफ भी मामला दर्ज कर उन्हें जांच के दायरे में ले लिया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह मामला मनी लॉन्ड्रिंग से भी जुड़ा हो सकता है, जिसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) के मानकों पर की जा रही है।
ठाणे कनेक्शन और सरकारी अधिकारी की संलिप्तता
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा ठाणे से हुआ है। ढोंगी बाबा के इस काले कारोबार में अब सरकारी अधिकारियों के नाम भी जुड़ने लगे हैं। ठाणे के कासारवडवली पुलिस स्टेशन में एक पीड़ित महिला ने ठाणे नगर निगम के पूर्व सहायक आयुक्त महेश अहेर के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि सहायक आयुक्त अहेर ही उसे इस ढोंगी बाबा के पास लेकर गया था, जहाँ उसका शोषण हुआ। इस खुलासे के बाद प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब महेश अहेर और खरात के बीच के संबंधों और इसमें शामिल अन्य ‘सफेदपोश’ लोगों की तलाश कर रही है।
सम्बंधित ख़बरें
महिला के गुस्से का सामना करते दिखे मंत्री गिरीश महाजन, वायरल वीडियो के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज
भंडारा में NH-53 अप्रोच रोड के DPR पर गहराया संदेह, 100 साल पुराने पेड़ों की कटाई पर अब फिर से होगा नया सर्वे
अमरावती में सरकारी कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, पहले दिन ही ठप पड़े दफ्तर और स्कूल
गोंदिया आयुष्मान योजना की निधि में देरी पर राज्यों के मुख्यमंत्रियों संग होगी बैठक, पालकमंत्री की अहम घोषणा
23 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में आरोपी
पुलिस ने कोर्ट को बताया कि अशोक खरात के खिलाफ दर्ज 15 मामलों में यौन शोषण, धोखाधड़ी और जबरन उगाही जैसे संगीन जुर्म शामिल हैं। अपराध की कड़ियाँ जोड़ने के लिए आरोपी का पुलिस हिरासत में रहना अनिवार्य है, जिसके आधार पर कोर्ट ने उसे 23 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: नासिक TCS कांड: प्लेयर और जीरो फिगर जैसे भद्दे कमेंट्स, हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी, पढ़ें रिपोर्ट
जांच अभी शुरुआती चरण में
नासिक पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खरात के खिलाफ चल रही जांच अभी शुरुआती चरण में है और जैसे-जैसे अन्य पीड़ित महिलाएं सामने आएंगी, FIR की संख्या और बढ़ सकती है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि वे भी इस ढोंगी तांत्रिक के शिकार हुए हैं, तो बिना डरे सामने आएं। फिलहाल, अशोक खरात का ‘पाखंडी साम्राज्य’ ताश के पत्तों की तरह ढहता नजर आ रहा है।
