

Nashik Agriculture Kharif Season 2026: खरीफ सीजन 2026 के मद्देनजर किसानों को उच्च्च गुणवत्ता वाले बीज, खाद और कीटनाशक उपलब्ध कराने तथा उनके साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी को रोकने के लिए जिलाधिकारी के निर्देशानुसार कृषि विभाग द्वारा जिले में एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस औचक निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों में नियमों के विरुद्ध व्यापार, रिकॉर्ड में कमियां और खाद की बिक्री में भारी अनियमितताएं पाई गईं।
इसके बाद संबंधित केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने के कारण 17 संबंधित केंद्रों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। यह जानकारी लाइसेंसिंग प्राधिकारी तथा जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी रवींद्र माने ने दी है। जांच के दौरान कुछ स्थानों पर पाया गया कि खाद और कीटनाशक विक्रेताओं ने ई-पीओएस मशीन के जरिए लेन-देन करते समय कंपनियों से प्राप्त रसीद को समय पर स्वीकार नहीं किया था।
इसके अलावा इ-पीओएस प्रणाली में दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक में अंतर, कैश बुक और स्टॉक रजिस्टर में विसंगतियां तथा खाद वितरण से संबंधित आवश्यक रिकॉर्ड न रखने जैसी गंभीर कमियां पाई गई इसके चलते नियमानुसार इन केंद्रों के खिलाफ सख्त कदम उठाया गया है। जिले में 1 अप्रैल 2026 से अब तक खाद, बीज और कीटनाशक बिक्री से जुड़ी विभिन्न अनियमितताओं के कारण कुल 86 कृषि सेवा केंद्रों के लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं।
कृषि विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खरीफ सीजन में किसानों को आवश्यक कृषि सामग्रियों (कृषि इनपुट) की आपूर्ति सुचारू रूप से होनी चाहिए। किसी भी परिस्थिति में घटिया गुणवता वाली सामग्री की बिक्री या निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री नहीं होनी चाहिए।
ऐसी गड़बड़ियों में संलिप्त पाए जाने वाले केंद्रों के खिलाफ आगे भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी रवींद्र माने ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत कृषि सेवा केंद्रों से ही खाद, बीज और कीटनाशक खरीदें। खरीददारी करते समय पक्का बिल जरूर लें और यह सुनिश्चित करें कि लेनदेन ई-पीओएस मशीन के माध्यम से ही हो रहा हो।
यदि किसी भी कृषि सेवा केंद्र द्वारा नियमों का उल्लंघन, अधिक मूल्य वसूलना या अन्य कोई गड़बड़ी दिखाई देती है, तो तुरंत संबंधित पंचायत समिति के कृषि अधिकारी या जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी कार्यालय से संपर्क करें। इसके अलावा, किसान जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के नंबर 7821032408 पर कॉल करके या व्हाट्सअप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।