8-9 दिन बाद नागपुर को उमस से राहत, हल्की बारिश से मौसम हुआ सुहाना; पारा 7 डिग्री तक लुढ़का

Nagpur Weather Update: 8-9 दिनों की उमसभरी गर्मी के बाद नागपुर में हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो गया। अधिकतम तापमान 36.2 से घटकर 29.2 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश के
Nagpur gets relief from humidity after 8-9 days; light rain makes the weather pleasant; mercury drops by 7 degrees.
नागपुर मौसम, प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: एआई फोटो )
Published on
Updated on

Nagpur Rainfall Forecast July: नागपुर में करीब आठ-नौ दिनों तक उमसभरी गर्मी और तेज धूप झेलने के बाद आखिरकार नागपुरवासियों को शुक्रवार को राहत मिली। सुबह से ही शहर का मौसम बदला-बदला नजर आया। आसमान पर दिनभर बादलों का डेरा रहा और दोपहर बाद कई इलाकों में हल्की बारिश तथा बूंदाबांदी हुई।

शाम के समय एक बार फिर फुहारें पड़ने से मौसम पूरी तरह खुशनुमा हो गया। बारिश भले ही ज्यादा नहीं हुई, लेकिन तापमान में आई भारी गिरावट से लोगों ने राहत की सांस ली। पिछले कई दिनों से शहर में उमस और गर्मी के कारण लोगों का हाल बेहाल था।

शुक्रवार को मौसम के बदले मिजाज ने वातावरण में ठंडक घोल दी। दिनभर चलती ठंडी हवाओं और रुक-रुककर हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। शाम के समय सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर भी मौसम का आनंद लेने वालों की भीड़ नजर आई।

7 डिग्री तक लुढ़का अधिकतम तापमान

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो शुक्रवार को घटकर 29.2 डिग्री सेल्सियस रह गया। यानी एक ही दिन में तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। यह सामान्य से 5.1 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार शाम 5.30 बजे तक शहर में 0.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

अगले कुछ दिन ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी नागपुर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम ऐसा ही बना रहेगा। 18 और 19 जुलाई को हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 20 और 21 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहने के साथ मौसम सामान्य रहेगा।

22 और 23 जुलाई को भी शहर में हल्की बारिश के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

तापमान और मौसम का अपडेट

विवरण आंकड़े
अधिकतम तापमान 29.2°C
सामान्य से अंतर -5.1°C
न्यूनतम तापमान 25.0°C
शाम 5:30 बजे तक बारिश 0.4 मिमी

अगले दिनों का पूर्वानुमान

तारीख मौसम का अनुमान
18 जुलाई हल्की बारिश
19 जुलाई हल्की बारिश
20 जुलाई बदली छाई रहेगी
21 जुलाई बदली छाई रहेगी
22 जुलाई हल्की बारिश की संभावना
23 जुलाई हल्की बारिश की संभावना
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com