नागपुर के वीआर मॉल स्थित तनिष्क स्टोर से सोने की चूड़ी चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

Nagpur VR Mall Theft: नागपुर के वीआर मॉल स्थित तनिष्क स्टोर में ग्राहक बनकर आए एक व्यक्ति ने सेल्समैन का ध्यान भटकाकर सोने की चूड़ी चुरा ली। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
A gold bangle weighing over 10 grams was stolen from the Tanishq store in Nagpur's VR Mall by a fake customer. Imamwada police is investigating using CCTV footage.
नागपुर वीआर मॉल (सोर्स - सोशल मिडिया)
Updated on

Nagpur VR Mall Jewellery Store Theft CCTV: नागपुर के मेडिकल चौक स्थित वीआर मॉल में संचालित तनिष्क स्टोर से सोने की चूड़ी चोरी होने का मामला सामने आया है। आरोपी ग्राहक बनकर स्टोर में पहुंचा और बच्चों के लिए सोने का ब्रासलेट देखने की बात कहकर कर्मचारियों का ध्यान भटकाने की कोशिश की। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कर्मचारी के हटते ही ड्रॉअर से चुराई चूड़ी

पुलिस के अनुसार दलाल कंपाउंड, काटोल रोड निवासी अंजन योगेश पुरी ने शिकायत दर्ज कराई है। वे वीआर मॉल स्थित 'एआईए बाय तनिष्क' स्टोर का संचालन करते हैं। बुधवार शाम करीब 4:30 बजे लगभग 45 वर्षीय एक व्यक्ति दुकान पर आया और सेल्समैन दिपांशु शेंडे से छोटे बच्चे के लिए सोने का ब्रासलेट दिखाने को कहा। जब उसे बताया गया कि बच्चों की ज्वेलरी उपलब्ध नहीं है, तब भी वह कुछ देर तक स्टोर में मौजूद रहा। इसी दौरान दिपांशु पानी पीने के लिए अंदर चले गए। कर्मचारी के हटते ही आरोपी ने मौका पाकर ड्रॉअर खोला और 10.182 ग्राम वजन की सोने की चूड़ी चोरी कर वहां से फरार हो गया।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात

कुछ देर बाद जब दिपांशु वापस लौटे तो उन्हें ड्रॉअर में रखी चूड़ी नहीं मिली। संदेह होने पर स्टोर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें संदिग्ध व्यक्ति चोरी करते हुए स्पष्ट दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

इमामवाड़ा पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर इमामवाड़ा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com