नागपुर में 31% तो गड़चिरोली-गोंदिया में 100 मिमी से भी कम बारिश; असमंजस में अन्नदाता

Nagpur Vidarbha Rainfall: विदर्भ में जून के दौरान सामान्य से 39% कम बारिश दर्ज की गई। 11 में सिर्फ 4 जिलों में सामान्य वर्षा हुई, जबकि कम बारिश के कारण कई जिलों में किसान अब भी बुआई को लेकर इंतजार क
Nagpur records 31% rainfall, while Gadchiroli-Gondia receives less than 100 mm; farmers in a state of uncertainty.
नागपुर विदर्भ बारिश,(सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Nagpur Monsoon Rain Deficit: नागपुर इस वर्ष 1 से 30 जून तक विदर्भके केवल 4 जिलों में ही सामान्य बारिश हुई है। शेष 7 जिलों में तो 31 से लेकर 74 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। विदर्भ भर में जून महीने में औसत 175.4 मिमी बारिश होती है लेकिन इस वर्ष 107.6 मिमी ही बारिश हुई है।

सामान्य से 39 फीसदी कम बारिश होने से किसान बुआई के लिए असमंजस की स्थिति में हैं। अभी भी गड़चिरोली, गोंदिया, भंडारा जिलों में बारिश 100 मिमी से कम हुई है जिससे बुआई की स्थिति में किसान नहीं हैं।

शेष सभी जिलों में बुआई के लायक बारिश हो चुकी है। नागपुर जिले की बात करें तो जून की सामान्य वर्षा 173.9 मिमी है लेकिन इस महीने 119.5 मिमी बारिश हुई है जो 31 प्रतिशत कम है। 4 जिलों अकोला, अमरावती, बुलढाना और वर्धा में ही सामान्य वर्षा हुई, यह कहा जा सकता है। हालांकि इन 4 जिलों में भी सामान्य से 13 से 18 फीसदी बारिश हुई है।

गोंदिया, भंडारा, गड़चिरोली में सूखा

विदर्भ के गोंदिया, भंडारा व गड़चिरोली जिलों में मुख्य फसल धान की होती है। धान के लिए सर्वाधिक पानी की जरूरत होती है और इन्हीं 3 जिलों में सर्वाधिक कम बारिश अब तक हुई है। भंडारा जिले की जून महीने में सामान्य वर्षा 187.4 मिमी है लेकिन वास्तव में 73.1 मिमी ही बारिश हुई है जो सामान्य से 61 प्रतिशत कम है।

गड़चिरोली जिले की इस महीने की सामान्य वर्षा 220.1 मिमी है लेकिन बारिश सिर्फ 64.8 मिमी ही हुई है जो सामान्य से 71 फीसदी कम है। गोंदिया जिला तो सबसे पीछे रहा है। यहां जून के महीने में सिर्फ 51.2 मिमी बारिश हुई, जबकि इस महीने की सामान्य वर्षा 196.5 मिमी है। सामान्य से 74 प्रतिशत कम बारिश होने से किसानों के माथे पर चिंता के लकीरें छायी हुई हैं।

बीते 13 वर्ष में 5 वर्ष ही पर्याप्त वर्षा

नागपुर जिले में बीते 13 वर्षों यानी 2014 से जून महीने की बारिश का आंकड़ा देखें तो 5 वर्ष ही पर्याप्त बारिश हुई लेकिन इस वर्ष 2026 को मिलाकर कुल 8 वर्ष सामान्य से कम बारिश हुई है। वर्ष 2016 में 176.6 मिमी, 2017 में 216.4 मिमी, 2018 में 293.5 मिमी, 2020 में 277 और 2021 के जून महीने में 197 मिमी बारिश हुई थी।

जून 2019 में तो मात्र 72.6 मिमी ही बारिश हुई थी और फसले खराब हो गई थीं। जिले में सूखा अकाल की स्थिति बन गई थी। वर्ष 2014 में भी ऐसा ही हाल हुआ था और बादल मात्र 72.4 मिमी ही बरसे थे। बीते वर्ष 2025 में यह 97.0 मिमी दर्ज किया गया था।।

नागपुर में 31 प्रतिशत कम बरसे बादल

बताते चलें कि नागपुर में बीते वर्ष 2025 में भी जून महीने में 44 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। इस वर्ष बीते वर्ष की तुलना में कुछ अधिक बारिश हुई है। बीते वर्ष नागपुर जिले में 97.0 मिमी बारिश दर्ज हुई लेकिन इस वर्ष यह 119.5 मिमी हो चुकी है। इसे संतोषजनक माना जा सकता है। किसान बुआई का कार्य शुरू कर सकते हैं लेकिन यह भी सामान्य वर्षों से 31 प्रतिशत कम है क्योंकि जून महीने की जिले की सामान्य वर्षा 173.9 मिमी है।

यह भी बताते चलें कि वर्ष 2024 में जून के महीने में सामान्य से 22 फीसदी कम बारिश हुई थी लेकिन जुलाई में सारी कसर बादलों ने पूरी कर ली थी जानकारी के अनुसार, इस वर्ष जिले में करीब 30-40 प्रतिशत बुआई किसानों ने कर ली है।

कुछ किसानों ने बताया कि फिलहाल तो किसी तरह की दिक्कत नहीं है लेकिन अगर बादलों ने धोखा दिया तो दिक्कत हो सकती है। कम बारिश होने का कारण इस वर्ष मानसून का ऐन वक्त पर कमजोर होना रहा है लेकिन अब मानसूनी बादलों के जमकर बरसने की संभावना है।

नागपुर में किस वर्ष कितनी बारिश (जून में)

श्रेणी वर्ष वर्षा (मिमी)
सर्वाधिक वर्षा 2018 293.5
द्वितीय सर्वाधिक 2020 277.0
तृतीय सर्वाधिक 2017 216.4
सबसे कम वर्षा 2014 72.4
दूसरी सबसे कम 2019 72.6

विदर्भ की स्थिति जून-2026

जिला वास्तविक वर्षा (मिमी) सामान्य वर्षा (मिमी) कमी (%)
अकोला 116.7 143.6 19
अमरावती 130.5 149.6 13
भंडारा 73.1 187.4 61
बुलढाणा 112.4 135.9 17
चंद्रपुर 119.1 188.5 37
गड़चिरोली 64.8 220.1 71
गोंदिया 51.2 196.5 74
नागपुर 119.5 173.9 31
वर्धा 139.5 170.2 18
वाशिम 113.8 174.7 35
यवतमाल 121.9 173.0 30
संपूर्ण विदर्भ 107.6 175.4 31

-नवभारत लाइव के लिए नागपुर से राजशेखर गोपावार की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com