

Highlights
मामला चांपा शिविर स्थित ग्रीन फार्म में 8 और 9 अक्टूबर को हुए कार्यक्रम से जुड़ा है।
पुलिस ने गोपनीय सूचना के बाद मौके की जांच और CCTV फुटेज का विश्लेषण किया।
पुलिस के अनुसार, फुटेज में कुछ महिला और पुरुष कथित अश्लील हावभाव के साथ डांस करते दिखाई दिए।
ग्रीन फार्म के मालिक, मैनेजर और केयरटेकर समेत 26 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
Nagpur Green Farm Dance Case: नागपुर जिले के उमरेड उपविभाग के पाचगांव पुलिस थाना क्षेत्र के चांपा शिविर स्थित ग्रीन फार्म में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अश्लील हावभाव करते हुए संगीत की धुन पर डांस किए जाने का मामला सामने आया है।
इस मामले में पाचगांव पुलिस ने 26 से अधिक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने घटनास्थल से 64,100 रुपये का माल जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, 8 और 9 अक्टूबर को चांपा शिविर स्थित ग्रीन फार्म में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अश्लील हाव-भाव करते हुए महिला और पुरुषों के डांस करने की गोपनीय सूचना मिली थी।
सूचना की पुष्टि करने के लिए नागपुर पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर जांच की। साथ ही, दोनों दिनों के कार्यक्रम के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। इसमें कुछ महिलाएं और पुरुष अश्लील हाव-भाव करते हुए संगीत की धुन पर डांस करते दिखाई दिए।
मामले में ग्रीन फार्म के मालिक रामलु कोंड्या सुल्तान (70), निवासी ग्रीन लॉन, तिघोरी टोल टैक्स के पास, नागपुर; ग्रीन फार्म के मैनेजर आरिफ अनवर खान (40), निवासी आशीर्वाद नगर, नागपुर; तथा केयरटेकर आरिफ सुलेमान शेख (42), निवासी गोसेबुदं, तहसील पवनी, जिला भंडारा सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
इसके अलावा गड़चिरौली, बालाघाट, अकोला, भद्रावती, वर्धा, नागपुर, कामठी, गोंदिया और चंद्रपुर संहित विभिन्न स्थानों के आरोपियों के नाम भी मामले में शामिल है। इनमें चार महिला आरोपी भी हैं।
पुलिस ने महाराष्ट्र होटल, उपाहारगृह और मद्यपान कक्षों में अश्लील नृत्य पर प्रतिबंध तथा वहां काम करने वाली महिलाओं की गरिमा की रक्षा से संबंधित अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। नागपुर ग्रामीण जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।